वरिष्‍ठ पत्रकार कल्पेश याग्निक की आत्महत्या के मामले में महिला पत्रकार गिरफ्तार, ब्लैकमेल करने का है आरोप

0

दैनिक भास्कर समूह के सम्पादक व वरिष्‍ठ पत्रकार कल्पेश याग्निक की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने एक महिला पत्रकार को गिरफ्तार किया है। महिला को मुंबई से गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि 12 जुलाई की रात को कल्पेश याज्ञनिक का निधन हो गया था।

फाइल फोटो- वरिष्‍ठ पत्रकार कल्पेश याग्निक

एबीपी न्यूज़ के मुताबिक सलोनी अरोड़ा नाम की इस महिला पत्रकार को मुंबई से तब गिरफ्तार किया गया जब वो अपने बेटे से मिलने जा रही थी। महिला पर कल्पेश को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है और घटना के बाद से ही ये महिला फरार चल रही थी। पुलिस ने बताया कि सलोनी लगातार अपने लोकेशन बदल रही थी और इसी वजह से पुलिस को उसे गिरफ्तार करने में देर हुई। आगे जानकारी दी गई कि अपनी इस फरारी के दौरान वो दिल्ली, गोवा और गुजरात में रही।

रिपोर्ट के मुताबिक साथ ही पुलिस ने बताया कि वो जब अपने बेटे से मिलने मुंबई पहुंची तब इसकी जानकारी पुलिस को मिली जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। सलोनी पर आरोप है कि वो कल्पेश से पांच करोड़ रुपए मांग रही थी और इसी कथित ब्लैकमेलिंग की वजह से उन्होंने आत्महत्या कर ली।

न्यूज़ 18 हिंदी की ख़बर के मुताबिक सलोनी अरोड़ा को मुंबई से गिरफ्तार करने के बाद रविवार को इंदौर की विशेष अदालत में पेश किया गया। अदालत ने पूछताछ के लिए सलोनी को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर सौंपने का आदेश दिया।

बता दें कि बीते 12 जुलाई को कल्पेश ने दैनिक भास्कर के इंदौर की बिल्डिंग से कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। ख़बरों के मुताबिक मामले में पुलिस के पास ऐसी फोन रिकॉर्डिंग्स भी हैं जिनमें बातचीत के दौरान कल्पेश से सलोनी पांच करोड़ मांग रही हैं।

दैनिक भास्कर के मुताबिक 21 जून 1963 को जन्मे कल्पेश 1998 से दैनिक भास्कर समूह से जुड़े थे। 55 वर्षीय याग्निक प्रखर वक्ता और देश के विख्यात पत्रकार थे। वे पैनी लेखनी के लिए जाने जाते थे। देश और समाज में चल रहे संवेदनशील मुद्दों पर बेबाक और निष्पक्ष लिखते थे। प्रति शनिवार दैनिक भास्कर के अंक में प्रकाशित होने वाला उनका कॉलम ‘असंभव के विरुद्ध’ देशभर में चर्चित था। उनके परिवार में मां प्रतिभा याग्निक, पत्नी भारती, बड़ी बेटी शेरना, छोटी बेटी शौर्या, भाई नीरज और अनुराग हैं।

Previous articleSaif Ali Khan overwhelmed as Sara Ali Khan hugs stepmother Kareena Kapoor Khan on dinner date
Next articleJournalist Kalpesh Yagnik suicide case: Chilling audio of woman journalist blackmailing ex-boss goes viral