हरियाणा में सोमवार (21 अक्टूबर) को विधानसभा के लिए मतदान होना है। चुनाव के मद्देनजर सभी राजनीतिक पार्टियां अपनी एड़ी-चोटी का जोर लगाकर जनता का विश्वास जीतने में लगी है। इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ले चुकीं मशहूर हरियाणवी डांसर और गायिका सपना चौधरी हरियाणा लोकहित पार्टी (एचएलपी) के सुप्रीमो और सिरसा विधानसभा सीट से उम्मीदवार गोपाल कांडा के लिए शनिवार (19 अक्टूबर) को चुनाव प्रचार करेंगी। इसकी पुष्टि खुद सपना चौधरी ने एक वीडियो क्लिप जारी कर की है।
सपना चौधरी ने गोपाल कांडा के अलावा एचएलपी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष व रानियां से उम्मीदवार गोबिंद कांडा का भी समर्थन किया है। सपना चौधरी ने एक वीडियो जारी कर सिरसा और रानियां के लोगों से एचएलपी के इन दोनों वरिष्ठ नेताओं के समर्थन में मतदान करने की अपील की हैं। सपना वीडियो में कह रही है, “मैं सपना चौधरी अपने भाई गोपाल कांडा और उनके भाई को सपोर्ट करने आ रही हूं सिरसा।” साथ ही उन्होंने लोगों से कांडा बंधुओं को वोट देने की अपील भी की।
उल्लेखनीय है कि गोपाल कांडा जहां सिरसा, तो वहीं उनके भाई गोविंद कांडा रानियां से चुनाव लड़ रहे हैं। इस तरह शनिवार को चुनाव प्रचार के अंतिम दिन कांडा बंधुओं ने सपना चौधरी के जरिए एक बड़ा स्ट्रोक खेलने की तैयारी कर ली है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, इन दोनों ही सीटों पर कड़ा मुकाबला होने वाला है। बता दें कि, सपना चौधरी हरियाणा के अलावा दूसरे प्रदेशों में भी जाना पहचाना नाम है। उनके कई डांस और गाने हिट हुए हैं।
19 अक्टूबर यानि कल HLP अध्यक्ष व सिरसा से उम्मीदवार गोपाल कांडा और वरिष्ठ उपाध्यक्ष व रानियां से उम्मीदवार गोबिंद कांडा के समर्थन में प्रचार करने सिरसा पहुंचेगी मशहूर हरियाणवी सिंगर और डांसर सपना चौधरी..Sapna ChoudharyGopal KandaHaryana Lokhit Party
Posted by STV Haryana News on Friday, October 18, 2019
बता दें कि, सपना चौधरी इसी साल सात जुलाई को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुई थीं। गौरतलब है कि सपना चौधरी को लेकर यह कहा जा रहा था कि भाजपा उन्हें हरियाणा की किसी सीट से टिकट दे सकती है। लेकिन उन्हें उम्मीदवार नहीं बनाया गया। बताया जा रहा है कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में सपना ने टिकट के लिए दावेदारी भी की थी, लेकिन टिकट नहीं मिला। ऐसे में सपना के बीजेपी से नाराज होने के कयास लगाए जा रहे हैं।
बता दें कि, हरियाणा की सभी 90 विधानसभा सीटों के लिए 21 अक्टूबर को मतदान होना है। वहीं, 24 अक्टूबर को मतगणना होगी। हरियाणा में अभी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार है।