बिहार में खत्म हुआ महागठबंधन, नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से दिया इस्तीफा

0

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों के मुद्दे पर गठबंधन के सहयोगी दल राजद के साथ ना मिट सकने वाले मतभेदों का हवाला देते हुए बुधवार(26 जुलाई) को मुख्यमंंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।

फाइल फोटो।

कुमार ने राज्यपाल केसरी नाथ त्रिपाठी को इस्तीफा सौंपने के बाद राज भवन के बाहर संवाददाताओं से कहा, ‘‘बिहार में जो परिस्थितियां बनी हुई, उसमें महागठबंधन सरकार चलाना मुश्किल हो गया है।’’ उन्होंने नई सरकार बनाने के लिए भाजपा से समर्थन लेने की संभावना को खारिज नहीं किया।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने इसे सुलझाने की कोशिश की, मैंने किसी से इस्तीफे के लिए नहीं कहा, मैंने केवल तेजस्वी से भ्रष्टाचार के आरोपों पर स्पष्टीकरण देने के लिए कहा था।’’ ताजा घटनाक्रम से बिहार की राजनीति में अनिश्चितता का माहौल पैदा हो गया है, क्योंकि 243 सदस्यीय विधानसभा में किसी भी दल के पास बहुमत नहीं है।

कुमार की जदयू के पास 71 सीटें हैं जबकि तेजस्वी यादव के पिता लालू प्रसाद के नेतृत्व वाले राजद के पास 80 सीटें हैं। भाजपा के पास 53 सीटें हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या अब वह भाजपा के समर्थन से सरकार बनाएंगे, इस पर उन्होंने कहा, ‘‘जो होना था हो गया। अब देखते हैं आगे क्या होता है।’’

बिहार में महागठबंधन ने विधानसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज की थी जिसमें कांग्रेस भी शामिल थी। जीत के बाद नीतीश कुमार ने 20 नवंबर 2015 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। बता दें कि इससे पहले राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने कहा कि होटल के बदले भूखंड मामले में सीबीआई की प्राथमिकी को लेकर उपमुख्यमंत्री और अपने पुत्र तेजस्वी प्रसाद यादव के इस्तीफे को बुधवार को खारिज कर दिया।

आगामी 28 जुलाई से बिहार विधानमंडल के शुरू हो रहे मानसून सत्र को लेकर राजद विधानमंडल दल की बैठक के बाद लालू ने तेजस्वी के इस्तीफे को खारिज कर दिया। यह पूछे जाने पर कि तेजस्वी इस मामले को लेकर इस्तीफा देंगे या नहीं, लालू ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूछा कि क्या तेजस्वी से इस्तीफे की मांग की है।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने तेजस्वी से कभी भी इस्तीफे की मांग नहीं की है। राबडी देवी की मौजूदगी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए लालू ने कहा कि नीतीश कुमार ने कभी भी तेजस्वी के इस्तीफे की चर्चा भी नहीं की है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन बहुत मुश्किल से हम लोगों ने बनाया है और यह पांच साल तक चले।

Previous articleKarnataka minister files criminal defamation against Arnab Goswami, Times Now
Next articleNitish Kumar resigns as Bihar chief minister