मुकेश अंबानी की बेटी ईशा और आनंद पीरामल की शादी की तारीख हुई पक्की, इस दिन लेंगे सात फेरे

0

देश के सबसे अमीर उद्योगपति और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की बेटी ईशा अंबानी की शादी की तारीख का ऐलान हो गया है। ईशा अंबानी की इसी साल आनंद पीरामल से मुंबई में शादी होने वाली है। ईशा अंबानी और आनंद पीरामल मुंबई में 12 दिसंबर को शादी रचाएंगे। यह घोषणा दोनों के परिजनों ने मंगलवार (30 अक्टूबर) को की। बता दें कि दोनों देश के नामी उद्योगपति परिवार क्रमश: अंबानी व पीरामल से ताल्लुक रखते हैं।

दोनों के परिजनों की तरफ से मंगलवार देर शाम जारी एक बयान में कहा गया, “हमें यह बताने में खुशी हो रही है कि ईशा अंबानी और आनंद पीरामल की शादी 12 दिसंबर, 2018 को मुकेश अंबानी और नीता अंबानी के निवास पर मुंबई में होगी। समारोह भारतीय परंपराओं, रीति-रिवाजों के अनुसार होंगे।”

समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, शादी से पहले सप्ताहांत के दौरान अंबानी और पीरामल परिवार अपने मित्रों और परिवारों की उदयपुर में मेजबानी करेंगे, जहां वे समारोहों में स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को शामिल करने के लिए कलाकारों और शिल्पकारों के साथ भागीदारी कर रहे हैं। यहां वे कलाकार और शिल्पियों को अपने यहां होने वाले उत्सवों में राजस्थान की स्थानीय कला व संस्कृति का पुट भरने के लिए चुन रहे हैं।

मुकेश अंबानी और नीता अंबानी तथा स्वाती पीरामल ने कहा कि दोनों परिवार ईशा और आनंद के लिए हर किसी के आशीर्वाद और शुभकामनाएं लेंगे, क्योंकि दोनों एकजुटता की अपनी यात्रा की शुरुआत करने जा रहे हैं। बता दें कि आकाश अंबानी की जुड़वां व अनंत की बड़ी बहन ईशा रिलायंस जियो व रिलायंस रिटेल के कंपनी बोर्ड में शामिल हैं। उन्होंने येल यूनिवर्सिटी से साइकोलोजी व साउथ एशियन स्टडी में स्नातक किया है, जबकि स्टेनफोर्ड के ग्रेजुएट स्कूल आफ बिजनेस से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन प्रोग्राम में स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की है।

इटली में हुई सगाई

पिछले दिनों ईशा अंबानी की सगाई इटली के लेक कोमो में हुई थी। जहां करीबी रिश्तेदारों के साथ-साथ बॉलीवुड सेलेब्स ने भी शिरकत की थी। तीन दिन तक इटली में ईशा अंबानी की सगाई पार्टी चली थी। जहां प्रियंका चोपड़ा, निक जोनास, करण जोहर, मनीष मलहोत्रा, अनिल कपूर, सोनम कपूर और जानवी कपूर जैसे सेलेब्स पहुंचे थे। सगाई में मुकेश अंबानी ईशा के साथ पार्टी में पहुंचे थे। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।

ईशा की शादी आनंद पीरामल से होने जा रही है। जो पीरामल ग्रुप ऑफ कंपनी के चेयरमैन अजय पीरामल के बेटे हैं। ईशा और आनंद लंबे समय से दोस्त हैं। आनंद ने मई में ईशा को महाबलेश्वर मंदिर में प्रपोज किया था। ईशा अंबानी के इंस्टाग्राम फैनक्लब पर आनंद के उन्हें प्रपोज करने की तस्वीरें सामने आई थीं।

Previous articleग्रेटर नोएडा: JNU के नजीब अहमद की तरह अब शारदा विश्वविद्यालय में विवाद के बाद कश्मीरी छात्र लापता, 4 अक्टूबर को हुआ था हमला
Next articleमुंबई: वॉचमैन के साथ हाथापाई करने के बाद मॉडल ने पुलिसवालों के सामने उतारे कपड़े, देखिए वीडियो