देश भर में चल रहे ‘मी टू’ अभियान (यौन उत्पीड़न के खिलाफ अभियान) के तहत हर रोज चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। अमेरिका से शुरू हुए ‘मीटू’ आंदोलन ने भारत में भी भूचाल मचा दिया है। मी टू अभियान के तहत हर रोज बॉलीवुड सहित अलग-अलग संस्थान में कार्यरत महिलाएं आगे आकर अपनी आपबीती बयां कर रही हैं। सोशल मीडिया पर ये महिलाएं आरोपी के खिलाफ सबूत भी पेश कर रही हैं।
इस बीच ‘मी टू’ अभियान के लपेटे में अब अंग्रेजी समाचार चैनल इंडिया टुडे के वरिष्ठ एंकर और पत्रकार गौरव सावंत भी आ गए हैं। गौरव सावंत पर एक महिला पत्रकार ने ‘यौन दुर्व्यवहार’ के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला पत्रकार विद्या कृष्णन ने इंडिया टुडे के कार्यकारी संपादक और एंकर गौरव सावंत पर वर्ष 2003 में एक असाइनमेंट के दौरान कथित तौर पर यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है। विद्या कृष्णन ने द ‘कारवां’ पत्रिका के साथ अपनी आपबीती शेयर की हैं।
A special issue of The Caravan: How Vijay Nair's Only Much Louder failed the women in its ranks; Eleven women speak out against Jatin Das's sexual misconduct; A journalist accuses primetime anchor Gaurav Sawant of sexual assault.#MeTooIndia #TimesUp pic.twitter.com/zXNEYuYv9K
— The Caravan (@thecaravanindia) November 12, 2018
विद्या ने कारवां को बताया है कि वर्ष 2002-2003 में एमिटि विश्वविद्यालय के दौरे के दौरान वह सावंत के संपर्क में आईं थी। उस समय वह मध्य प्रदेश के भोपाल में रहने वाले अपने माता-पिता की इच्छाओं के खिलाफ पत्रकारिता में डिप्लोमा कोर्स कर रही थीं। विद्या ने पत्रिका को बताया कि उसके बाद पायनियर न्यूजपेपर में उन्हें पहली नौकरी मिल गई।
उसी दौरान उन्हें पंजाब में स्थित एक नदी के किनारे मौजूद एक सैन्य स्टेशन में एक ड्रिल को कवर करने के लिए भेजा गया था। पत्रिका के मुताबिक उस दौरान गौरव सावंत भी उसके साथ थे। इस दौरान पीड़िता ने सावंत पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कहा है कि यह यात्रा उनके लिए एक दु:स्वप्न बनकर रह गया। विद्या की पूरी आपबीती आप कारवां पत्रिका पर पढ़ सकते हैं।
आपको बता दें कि अभिनेता नाना पाटेकर पर एक फिल्म की शूटिंग के दौरान 2008 में अपने साथ दुर्व्यवहार करने का अदाकारा तनुश्री दत्ता द्वारा आरोप लगाए जाने के बाद देश में शुरू हुआ ‘‘मी टू’’ अभियान तेजी से आगे बढ़ा है। कई महिलाओं ने सामने आकर विभिन्न शख्सियतों के खिलाफ अपनी शिकायत व्यक्त की है। यौन दुर्व्यवहार के आरोपियों में पूर्व विदेश राज्य मंत्री एम जे अकबर, फिल्म निर्देशक सुभाष घई, साजिद खान, रजत कपूर और अभिनेता आलोक नाथ आदि शामिल हैं। अकबर ने अपने खिलाफ लगे इन आरोपों को लेकर मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है।