बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी (BHU) में पिछले दिनों छात्रा के साथ हुई छेड़छाड़ का मामला अभी पूरी तरह से ठंडा ही नहीं हुआ कि बीएचयू में एक और छात्रा के साथ छेड़छाड़ की खबर सामने आई है। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि अभी मामले की जांच की जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बीएचयू के समाजशास्त्र विभाग में गुरुवार(5 अक्टूबर) को कथित तौर पर एक छात्रा के साथ छेड़खानी हुई। इसके बाद पीड़ित छात्रा मामले की शिकायत करने प्रॉक्टर के पास पहुंची। जिसके बाद छात्रा ने पुलिस में मामले की शिकायत की, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच कर रही है।
बता दें कि पिछले दिनों ही बीएचयू में छात्राओं के छेड़छाड़ को लेकर काफी विवाद हुआ था। कथित छेड़खानी के विरोध में 23 सितंबर की रात कुलपति आवास के पास पहुंचे छात्र और छात्राओं पर विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मियों और पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, जिसमें कुछ छात्र घायल हो गए थे। इसका देश भर में भारी विरोध हुआ था।
Varanasi: Girl files complaint of assault against a fellow BHU classmate. FIR registered, accused arrested. pic.twitter.com/qmiG4hfvtX
— ANI UP (@ANINewsUP) October 5, 2017
छेड़खानी के विरोध को लेकर प्रदर्शन कर रही छात्राओं पर पुलिस द्वारा 23 सितंबर की रात हुए लाठीचार्ज मामले को लेकर विवादों में घिरे विश्वविद्यालय के कुलपति गिरीश चंद्र त्रिपाठी सोमवार(2 अक्टूबर) को अचानक अनिश्चितकालीन छुट्टी पर चले गए। गिरीश चंद्र त्रिपाठी के छुट्टी पर जाने के बाद रजिस्ट्रार नीरज त्रिपाठी को विश्वविद्यालय का अंतरिम वाइस चांसलर नियुक्त किया गया है।