बॉम्बे हाई कोर्ट ने गुरुवार को शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को मुंबई क्रूज ड्रग्स मामले में जमानत दे दी। लाइव लॉ के मुताबिक, इसी मामले में अरबाज मर्चेंट और मुनमुन धमेचा को भी जमानत मिल चुकी है। उच्च न्यायालय ने कहा कि वह कल कारणों सहित विस्तृत आदेश सुनाएगा।

आर्यन खान का प्रतिनिधित्व करने वाले पूर्व एजी मुकुल रोहतगी ने कहा कि, बॉम्बे हाई कोर्ट ने 3 दिन तक दलीलें सुनने के बाद आर्यन खान, अरबाज मर्चेंट, मुनमुन धमेचा को जमानत दे दी है। विस्तृत आदेश कल दिया जाएगा। उम्मीद है कल या शनिवार तक सभी जेल से बाहर आ जाएंगे।
बॉम्बे हाई कोर्ट में आर्यन खान, अरबाज मर्चेंट और मुनमुन धमेचा की जमानत को लेकर मंगलवार से ही सुनवाई जारी थी। आर्यन खान की ओर से वरिष्ठ वकील व पूर्व सॉलिसिटर जनरल मुकुल रोहतगी ने आर्यन खान के पक्ष में दलीलें रखीं थीं जबकि बुधवार को अरबाज मर्चेंट और मुनमुन धमेचा के वकीलों ने अपनी जिरह पूरी कर ली थी। लेकिन एनसीबी का पक्ष अभी अदालत में रखा जाना बाकी था इसलिए तीनों ही आरोपियों का जमानत का इंतजार लंबा हो गया था।
बता दें कि, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा 2 अक्टूबर को गिरफ्तार किए जाने के बाद से आर्यन खान हिरासत में है और अभी मुंबई की आर्थर रोड जेल में बंद है।