दुनिया के सात अजूबों में शुमार भारत की धरोहर ताजमहल को उत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा राज्य की पर्यटन स्थल की सूची से बाहर किए जाने का मामला अभी ठंडा ही नहीं कि भारतीय जनता पार्टी(बीजेपी) के विधायक संगीत सोम ने एक विवादित बयान देकर इस मामले को और आगे बढ़ा दिया है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले की सरधना सीट से बीजेपी विधायक संगीत सोम ने कहा कि गद्दारों के बनाए ताजमहल को इतिहास में जगह नहीं मिलनी चाहिए। रविवार(15 अक्टूबर) को मेरठ के गांव सिसौली में एक मूर्ति के अनावरण समारोह में बीजेपी विधायक ने कहा कि ताजमहल को गद्दारों ने बनवाया था, उसका नाम भारत के इतिहास में नहीं होना चाहिए।
संगीत सोम ने कहा की ताजमहल बनाने वाले ने अपने पिता को ही कैद कर लिया था। इन लोगो ने हिंदुस्तान में हिंदुओ का सर्वनाश किया था। बीजेपी विधायक ने कहा कि देश का इतिहास अब तक बिगड़ा हुआ था उसे सुधरने का काम राज्य और केंद्र सरकार कर रही है।
उन्होंने दावा किया कि बीजेपी सरकार देश के इतिहास से बाबर, अकबर और औरंगजेब की कलंक कथा को इतिहास से निकालने का काम कर रही है। सोम ने मुगल कालीन शासकों के इतिहास को देश के लिए कलंक बताते हुए कहा है कि इतिहास के किताबों से मुगलकालीन शासकों को निकालकर अब यूपी में हिंदुओं के इतिहास को दर्शाया और पढ़ाया जाएगा।
BJP's Sangeet Som says,'Many were sad when Taj Mahal was removed from historical places.What history? Its creator wanted to wipe out Hindus' pic.twitter.com/5OcpJwC4d7
— ANI (@ANI) October 16, 2017
भारतीय इतिहास बेहद गौरवशाली बताते हुए बीजेपी विधायक ने कहा कि यूपी में अब भगवान श्रीकृष्ण, भगवान विष्णु, महाराणा प्रताप और शिवाजी महाराज जैसे अवतारों का गौरवशाली इतिहास पढ़ाया व दर्शाया जाएगा। साथ ही संगीत सोम ने सपा नेता आजम खां द्वारा बनवाई गई जौहर यूनिवर्सिटी को आतंकवादियों का अड्डा करार दिया।
गौरतलब है कि ताजमहल को योगी सरकार ने अपने आधिकारिक पर्यटन स्थल की सूची से बाहर किए जाने को लेकर काफी हंगामा हुआ था। हालांकि विवाद बढ़ने के बाद योगी सरकार की ओर से सफाई दी गई थी कि ताजमहल देश की धरोहर है। इसके साथ ही ताजमहल के विकास पर काफी पैसा खर्च किया जा रहा है।