तीनों नगर निगम में भाजपा को बहुमत, दिल्ली की जनता ने दिखाया बीजेपी में विश्वास

0

दिल्ली नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को शानदार जीत के साथ बहुमत मिलना तय हो गया है। गत रविवार को हुये मतदान के बाद आज जारी मतगणना में अब तक घोषित परिणाम के आधार पर भाजपा तीनों निगमों के कुल 272 वार्ड में से 160 वार्ड में जीत गयी है।

पीटीआई की खबर के अनुसार, भाजपा को साल 2012 में हुये पिछले निगम चुनाव में 138 वार्ड में जीत मिली थी। चुनाव परिणाम के ताजा आंकड़े जारी होने तक आम आदमी पार्टी 39 सीट के साथ दूसरे स्थान पर और 26 सीट के साथ कांग्रेस तीसरे पायदान पर खिसक गयी है।

राज्य निर्वाचन आयोग के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक उत्तरी निगम की 103 सीटों पर हुये चुनाव में भाजपा को 57, आप को 17 और और कांग्रेस को 12 सीटे हासिल हुई है जबकि पूर्वी निगम की 63 सीटों पर हुये चुनाव में भाजपा को 42, आप को 10 और कांग्रेस की झोली में सिर्फ 3 सीट गयी हैं। वहीं दक्षिणी निगम की 104 सीटों में भाजपा को 61, आप को 12 और कांग्रेस को 11 सीट पर कामयाबी मिली है।

उत्साहजनक चुनाव परिणाम हासिल करने के बावजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने छत्तीसगढ़ में नक्सली हमले को देखते हुये चुनावी जीत का जश्न नहीं मनाया। उधर कांग्रेस और ‘आप’ खेमों में मायूसी छायी हुई है। शुरूआती चुनाव परिणाम के बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने सुकमा हमले में 25 जवानों की शहादत से गमगीन होने के कारण चुनाव की जीत का जश्न नहीं मनाने का फैसला किया है।

वहीं शर्मनाक हार से परेशान आप ने चुनाव परिणाम आते ही एक बार फिर ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप लगाया। परेशानियों से घिरी ‘आप’ के नेताओं ने हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ते हुए कहा कि उनके लिये ईवीएम में गड़बड़ी की लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर यह चुनाव परिणाम अपेक्षित था। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ईवीएम में गड़बड़ी को लोकतंत्र की त्रासद हकीकत बताते हुये कहा कि हमारे इस आरोप का अभी लोग भले ही मजाक उड़ायें लेकिन हम मजाक के भय से सच बोलने से पीछे नहीं हटेंगे।

Previous articleJet Airways expat pilot derostered after Harbhajan Singh accuses him of racism
Next articleSix months after becoming Delhi BJP unit chief, Manoj Tiwari savours civic polls win