दुनिया के महान क्रिकेटर मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने हाल ही में अंडर-19 भारतीय क्रिकेट टीम में डेब्यू किया था। उन्हें श्रीलंका के खिलाफ चार दिवसीय सीरीज के दो मुकाबलों के लिए अंडर-19 टीम में शामिल किया गया था। अपने पहले ही मैच के दूसरे ओवर में विकेट लेकर उन्होंने सुर्खियां भी बटोरीं। हालांकि उसके बाद पूरे अभियान में उनको उम्मीद के मुताबिक वो सफलता हाथ नहीं लगी, जिसकी फैंस उम्मीद कर रहे थे।
इस बीच अर्जुन तेंदुलकर एक बार फिर चर्चा में हैं। दरअसल भारतीय जूनियर टीम के सदस्य अर्जुन तेंदुलकर इन दिनों इंग्लैंड दौरे का पूरा लुत्फ उठा रहे हैं। श्रीलंका दौरे पर अंडर-19 टीम के लिए डेब्यू करने वाले अर्जुन के साथ एक तस्वीर सोशल मीडिया पर क्रिकेटर हरभजन सिंह ने शेयर की है। इस तस्वीर में अर्जुन रेडियो बेचते दिखाई दे रहे हैं।
टर्बनेटर नाम से मशहूर क्रिकेटर हरभजन सिंह ने ट्विटर पर फोटो डालते हुए लिखा – देखो लार्ड्स में कौन रेडियो बेच रहा है। जल्दी करो 50 बिक चुके हैं कुछ ही बाकी रह गए हैं। हरभजन सिंह फिलहाल इंग्लैंड और भारत के बीच जारी टेस्ट सीरीज में कॉमेंट्री कर रहे हैं।
Look who selling radios @HomeOfCricket today.. sold 50 rush guys only few left ? junior @sachin_rt #Goodboy pic.twitter.com/8TD2Rv6G1V
— Harbhajan Turbanator (@harbhajan_singh) August 11, 2018
अर्जुन लार्ड्स में कई और कारणों से चर्चा में हैं। उन्होंने गीला हो चुके क्रिकेट मैदान का साफ करने में ग्राउंड स्टाफ की मदद भी की। उनकी मदद के लिए लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड ने आधिकारिक ट्विटर पर तस्वीर पोस्ट की है जिसमें लिखा है अर्जुन ने ग्राउंड स्टाफ की भी मदद की।
बता दें कि इससे पहले सोशल मीडिया पर अर्जुन तेंदुलकर की एक तस्वीर वायरल हुई थी जिसमें वह इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की ओपनर डेनिएल वैट के साथ दिख रहे थे। इंग्लैंड की इस स्टार महिला क्रिकेटर के साथ अर्जुन की सेल्फी इंस्टाग्राम पर शेयर की गई थी, जिसमें दोनों लंच टेबल पर दिखाई दे रहे थे।