केरल: गाय काटने को लेकर बैकफुट पर कांग्रेस, राहुल गांधी ने की निंदा, FIR दर्ज

0

पशु बाजार से वध के लिए पशुओं की खरीद फरोख्त को प्रतिबंधित करने के केंद्र सरकार के फैसले के विरोध में केरल के एक कथित यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा सरेआम बीफ पार्टी किये जाने का मुद्दा गरमाता जा रहा है।

न्यूज 18 इंडिया की ख़बर के अनुसार, राहुल गांधी द्वारा घटना की निंदा किए जाने के बाद कांग्रेस ने सरेआम जानवर काटने वाले अपने दो कार्यकर्ताओं को पार्टी से बाहर निकाल दिया है। वहीं दूसरी और केरल में आज कांग्रेस नीत यूडीएफ ने प्रतिबंध के खिलाफ पूरे राज्य में ‘काला दिवस’ मनाने का फैसला किया है। पुलिस ने रविवार (28 मई) को युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया जिन्होंने वध के लिए पशुओं की बिक्री पर केंद्र द्वारा रोक लगाए जाने के फैसले के विरोध में यहां सार्वजनिक रूप से कथित तौर पर एक बछड़े का वध किया।

इस घटना की विभिन्न तबकों ने आलोचना की है। केरल भाजपा के अध्यक्ष के राजशेखरन ने इस रक्तरंजित घटना का वीडियो ट्विटर पर पोस्ट किया और कहा कि यह ‘क्रूरता का चरम’ है। साथ ही उन्होंने कहा कि कोई भी सामान्य व्यक्ति इस तरह का आचरण नहीं कर सकता। माकपा के सांसद एमबी राजेश ने कहा कि विरोध के अतिरेक तरीके से बचा जाना चाहिए था और इससे संघ परिवार को मदद ही मिलेगी।

असहज स्थिति का सामना कर रही कांग्रेस ने इससे अपने को अलग करने का प्रयास करते हुए कहा कि पार्टी ऐसे किसी व्यक्ति का समर्थन नहीं करेगी जिसने कानून का उल्लंघन किया है। लेकिन इस विरोध का नेतृत्व करने वाले एक युवा कांग्रेस कार्यकर्ता ने कहा कि उन्हें इसका कोई अफसोस नहीं है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि युवा मोर्चा के जिला महासचिव सी सी रतीश की शिकायत पर पुलिस ने आज युवा कांग्रेस कार्यकर्ता रिजिल मकुलती के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया। उधर, कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने केरल में सार्वजनिक तौर पर यूथ कांग्रेस सदस्यों द्वारा कथित रूप से बछड़े की हत्या की निंदा की है।

यूथ कांग्रेस सदस्य केंद्र सरकार द्वारा वध के लिए गाय की बिक्री पर लगाए गए प्रतिबंध का विरोध कर रहे थे। गांधी ने इस घटना को ‘विचारहीन और नृशंस’ करार दिया है। उनका कहना था कि यह उनके लिए और उनकी पार्टी के लिए अस्वीकार्य है। उन्होंने ट्वीट किया, “केरल में कल जो हुआ वह विचारहीन और नृशंस है और मुझे और कांग्रेस पार्टी दोनों के लिए पूर्णत: अस्वीकार्य है, मैं इस घटना की कड़ी निंदा करता हूं।”

Previous articleBJP-RSS new enemies of Naxalite movement, say leaders Pradipta Tapadar
Next articleशिवराज सरकार ने छात्रों को बांटे स्मार्टफोन, घटिया होने की शिकायत के बाद वितरण पर लगी रोक