उत्तर प्रदेश: दूल्हे को शराब के नशे में धुत देखकर भड़की 22 वर्षीय दुल्हन, शादी से किया इनकार

0

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के एक गांव में 22 वर्षीय एक दुल्हन ने दूल्हे और बाराती के नशे में होने के बाद शादी करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद वहां हंगामा शुरू हो गया। इतना ही नहीं लड़की के परिजनों ने दूल्हा समेत उसकी बहन और बारातियों को भी बंधक बना लिया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

उत्तर प्रदेश

दरअसल, ये पूरा मामला प्रतापगढ़ के टिकरी गांव का है जहां पर कुटिला अहीना गांव से बारात आई थी। लेकिन जैसे ही दुल्हन ने दूल्हे, उसके दोस्तों और कई मेहमानों को नशे की हालत में देखा तो उसने उससे शादी करने से इनकार कर दिया। शराब के नशे में धुत दूल्हे ने समारोह शुरू होने से पहले दुल्हन के साथ डांस करने की कोशिश की, जिसके बाद दुल्हन ने यह फैसला लिया।

शुरू में घरवालों ने उसके व्यवहार को नजरअंदाज किया, लेकिन जब उसने दुल्हन को डांस फ्लोर पर खींचने की कोशिश की तो वहां का माहौल खराब हो गया। दुल्हन के परिवार ने उसके फैसले का समर्थन किया और दूल्हे और उसके परिवार को बंदी बना लिया। दूल्हे के परिवार ने पुलिस से संपर्क किया लेकिन दुल्हन ने अपना मन बदलने से इनकार कर दिया।

समाचार एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, स्टेशन हाउस ऑफिसर (मंधता) श्रवण कुमार सिंह ने संवाददाताओं से कहा, “मामले को तभी सुलझाया गया जब दूल्हे के परिवार के सदस्यों ने उपहार और नकदी वापस करने का आश्वासन दिया जो उन्होंने शादी तय करते समय लिया था।

दुल्हन के परिवार के सदस्यों ने कहा कि दूल्हा और उसके दोस्त शराब के नशे में दुल्हन और उसके परिवार को परेशान करते रहे और हमारे पास शादी को रद्द करने के अलावा कोई विकल्प नहीं था।

Previous articleकोरोना संकट के बीच पीएम मोदी आज शाम 5 बजे देश को करेंगे संबोधित, PMO ने ट्वीट कर दी जानकारी
Next articleVIDEO: कैलाश विजयवर्गीय ने मध्य प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों को बताया अफवाह