वैक्सीन की किल्लत दूर करने को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दिया सुझाव, कांग्रेस नेता जयराम रमेश बोले-आपके बॉस सुन रहे हैं क्या?

0

पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने बुधवार को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के बयान पर केंद्र सरकार पर कटाक्ष किया है। दरअसल, गडकरी ने कहा था कि अधिक दवा कंपनियों को कोविड-19 के टीके बनाने की अनुमति दी जानी चाहिए।

नितिन गडकरी

जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए ट्वीट किया, “लेकिन क्या उनके बॉस सुन रहे हैं? यही डॉ. मनमोहन सिंह ने 18 अप्रैल को सुझाया था।” उन्होंने टिप्पणी करते हुए गडकरी का एक वीडियो भी संलग्न किया।

कांग्रेस प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने कहा, “(केंद्रीय मंत्री) नितिन गडकरी कहते हैं कि वैक्सीन की मांग की आपूर्ति के मुद्दे को हल करने के लिए और अधिक विनिर्माण लाइसेंस दिए जाने चाहिए। समस्या यह है कि देश वैक्सीन की मांग कर रहा है, लेकिन बीजेपी नकली टूल किट की आपूर्ति कर रही है।”

सरकार पर कटाक्ष करते हुए शेरगिल ने कहा, “वैक्सीन की मांग आपूर्ति असंतुलन भाजपा द्वारा पैदा की गई मुश्किल है, क्या भाजपा टीकाकरण निर्माण में तेजी लाने के लिए शुभ मुहूर्त का इंतजार कर रही है?” उन्होंने कहा कि यह जानकर अच्छा लगा कि कम से कम एक भाजपा मंत्री वास्तविकता के प्रति जाग रहा है। उन्होंने कहा, “सिस्टम को जगाने के लिए और कितनों को मरना होगा?”

 

गौरतलब है कि, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को कहा था कि अगर टीकों की मांग आपूर्ति से अधिक होगी तो यह समस्या पैदा करेगा। उन्होंने कहा था, वैक्‍सीन वाली कंपनी 1 के बजाय 10 कंपनियों को लाइसेंस दें और रॉयल्‍टी भी लें। हर राज्‍य में 2-3 लैब्‍स हैं, उनकी क्षमता भी है, इन्‍फ्रास्‍ट्रक्‍चर भी है। फॉर्म्‍युला देकर इनका उनके साथ कोऑर्डिनेशन करके अगर ये संख्‍या बढ़ाएंगे तो पहले उनसे कहिए कि देश में दीजिए। बाद में ज्‍यादा होगा तो एक्‍सपोर्ट करिए।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार दोपहर कहा कि केंद्र सरकार 12 अलग-अलग प्‍लांट/कंपनियों के जरिए वैक्‍सीन बना रही है और उत्‍पादन को और बढ़ाने की कोशिश में है। गडकरी के मुताबिक, स्‍वदेशी जागरण मंच की कॉन्‍फ्रेंस में जब उन्‍होंने अपना सुझाव रखा तो उन्‍हें इस बात की जानकारी नहीं थी। गडकरी ने केमिकल और फर्टिलाइजर्स मंत्री मनसुख मांडवीय को इस बात के लिए बधाई दी। (इंपुट: आईएएनएस के साथ)

Previous articleबिहार: RJD नेता तेजस्वी यादव ने अपने सरकारी आवास को बनाया कोविड केयर सेंटर, कहा- इसे स्वीकार करे सरकार
Next article“तेजी से पॉजिटिव केसों की संख्या बढ़े”: DM से बात करते हुए फिसली पीएम मोदी की जुबान; वीडियो शेयर कर पूर्व IAS अधिकारी ने कसा तंज