बॉलीवुड की जानी-मानी कोरियॉग्रफर सरोज खान का शुक्रवार देर रात कार्डियक अरेस्ट के चलते मुंबई में निधन हो गया। वह 71 साल की थीं। सरोज खान को सांस लेने में परेशानी होने कारण कुछ दिनों पहले बांद्रा स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां देर रात करीब 1.52 बजे उनका निधन हो गया।

बता दें कि, सरोज खान 17 जून से मुंबई के बांद्रा में स्थित गुरु नानक अस्पताल में भर्ती थीं। उन्हें सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद यहां भर्ती कराया गया था। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात को 1.52 मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली। अस्पताल में एडमिट रहने के दौरान सरोज खान का कोरोना टेस्ट भी कराया गया था, हालांकि वह नेगेटिव आया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सरोज खान का अंतिम संस्कार मुंबई स्थित मलाड के मालवाणी में किया जाएगा।
सरोज खान ने अपने काम से कुछ दिन दूर रहने के बाद साल 2019 में वापसी की और मल्टीस्टारर फिल्म ‘कलंक’ और कंगना रनौत की फिल्म ‘मणिकर्णिकाः द क्वीन ऑफ झांसी’ में एक-एक गाने को कोरियॉग्राफ किया था। उन्होंने साल 1983 में ‘हीरो’ फिल्म में कोरियोग्राफी की थी। सरोज खान ने कई फिल्मों में कोरियॉग्रफी की है।
वह तीन बार बेस्ट कोरियॉग्रफी के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीत चुकी हैं। सरोज खान को हिंदी सिनेमा के कई सुपरहिट गानों को कोरियोग्राफ करने का श्रेय जाता है। सरोज खान के करियर की बात करें तो उन्होंने करीब 2000 से ज्यादा गानों में कोरियोग्राफी की है।