IPS विनय तिवारी के क्वारंटीन पर बोले सीएम नीतीश कुमार, मुंबई में हमारे अधिकारी के साथ जो हुआ वह सही नहीं है

0

बिहार पुलिस के आईपीएस अधिकारी विनय तिवारी के मुंबई पहुंचने के साथ ही जबरन क्वारंटीन किए जाने के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार काफी नाराज हैं। नीतीश ने कहा है कि हमारे अधिकारी के साथ मुंबई में जो हुआ, वह सही नहीं है।

नीतीश कुमार

पटना में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मुंबई गए आईपीएस अधिकारी के साथ जो हुआ वह सही नहीं हुआ। वो अपनी ड्यूटी कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि हमारे पुलिस महानिदेशक इस मामले में महाराष्ट्र के अधिकारियों से बात करेंगे। इस बीच, हालांकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस मसले पर सीबीआई जांच के संबंध में कोई बात नहीं की।

बता दें कि, एसपी विनय तिवारी रविवार सुबह सुशांत मामले की जांच करने के लिए मुंबई पहुंचे थे। जिसके बाद उन्हें रात 11 बजे BMC द्वारा जबरन क्वारंटीन कर दिया गया है। इस पूरे मामले पर बिहार DGP गुप्तेश्वर पांडेय ने भी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “आईपीएस अधिकारी विनय तिवारी आज ही पटना से अपनी पुलिस टीम को लीड करने के लिए आधिकारिक ड्यूटी पर मुंबई पहुंचे लेकिन रात करीब 11 बजे बीएमसी अधिकारियों ने उन्हें जबरन क्वारंटीन कर दिया। इससे पहले उन्हें आईपीएस मेस में जगह नहीं दी गई जबकि उन्होंने कहा था कि वह गोरेगांव के एक गेस्टहाउस में ठहरे हुए हैं।”

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए कहा, “ये हैं बिहार cadre के IPS अधिकारी विनय तिवारी जिनको मुंबई में आज रात में 11 बजे रात में ज़बरदस्ती क्वोरंटीन कर दिया गया। SSR (सुशांत सिंह राजपूत) केस में जाँच करने वाली टीम का नेतृत्व करने गए थे। अब ये यहाँ से कहीं निकल नहीं सकते!”

जानकारी के मुताबिक, विनय तिवारी रविवार दोपहर में मुंबई पहुंचे थे। हवाई अड्डे पर उनके चार साथियों ने उनकी अगवानी की थी। हवाई अड्डे पर ही तिवारी ने कहा था कि सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले की जांच सही दिशा में आगे जा रही है। इसके बाद वह अपने चार साथियों के साथ गोरेगांव के एक गेस्टहाउस में गए जहां उनकी साथियों के साथ लम्बी बातचीत हुई। सोमवार को उन्हें बांद्रा जोन-9 के डीसीपी अभिषेक त्रिमुखे से मिलना था। त्रिमुखे ही सुशांत की संदिग्ध मौत के बाद उनसे जुड़ा मामला देख रहे हैं। अब तिवारी 15 अगस्त तक क्वारंटीन में रहेंगे।

गौरतलब है कि, पटना के रहने वाले 34 वर्षीय अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने मुंबई के बांद्रा स्थित अपने घर में 14 जून की सुबह फांसी लगाकर जान दे दी। इस खबर ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। उनकी मौत की खबर सुनकर हर कोई हैरान है, किसी को अंदाजा नहीं था कि फिल्म जगत का एक ऐसा कलाकार जिसने इतने थोड़े से वक्त में इतना मुकाम हासिल किया है वो कुछ ऐसा कदम उठा सकता है।

Previous articleकोरोना वायरस से संक्रमित अमित शाह के ठीक होने तक रोजा रखेंगे कश्मीर के नेता गुफ्तार अहमद, वीडियो शेयर कर किया ऐलान
Next articleNaveen Jindal honours JSPL’s COVID-19 warriors for their exceptional work during pandemic