महाराष्ट्र के चंद्रपुर से करीब 43 किलोमीटर दूर गढचंदूर स्थित कॉलेज में अंग्रेजी के प्रोफेसर ज़हीर सैयद ने दावा किया है कि राज्य में हुए राजनीतिक घटनाक्रम से वह सदमे मे हैं और बीमार पड़ गए हैं। जहीर ने कहा कि उन्होंने कॉलेज में छुट्टी की अर्जी दी थी लेकिन कॉलेज ने उसे नामंजूर कर दिया। उनके द्वारा छुट्टी के लिए किया गया आवेदन और उसके लिए बताई गई वजह वायरल हो रही है।
उल्लेखनीय है कि, शनिवार को भाजपा के देवेंद्र फडणवीस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अजित पवार ने क्रमश: मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर सभी को चौंका दिया था। शुक्रवार रात तक शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी महराष्ट्र में सरकार बनाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन शनिवार को जो हुआ उसने सभी को हैरान कर दिया।
तमाम अटकलों के बीच महाराष्ट्र में अजित पवार ने भाजपा के साथ मिलकर सरकार बना ली है। शनिवार सुबह भाजपा नेता देवेंद्र फड़णवीस ने मुख्यमंत्री पद की ली, जबकि NCP नेता अजीत पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। यह शपथ ग्रहण ऐसे समय में हुआ है जब एक दिन पहले शिवसेना-राकांपा-कांग्रेस के बीच मुख्यमंत्री पद के लिए शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के नाम पर सहमति बनी थी।
हालांकि, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार ने कहा कि सरकार बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी को समर्थन देने का फैसला उनके भतीजे का निजी फैसला है न कि पार्टी का। शिवसेना नेता संजय राउत ने भाजपा के साथ हाथ मिलाने का फैसला लेकर अजित पवार पर शिवसेना की पीठ में छुरा घोंपने का आरोप लगाया। (इंपुट: भाषा के साथ)