देश की राजधानी दिल्ली के जामिया नगर में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर फायरिंग के बाद आज शाहीन बाग में भी फायरिंग किया है। पुलिस ने गोली चलाने वाले शख्स को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि, नागरिकता संशोधन कानून (CAA) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शन स्थल से नजदीक ही यह घटना हुई है। पुलिस की हिरासत में फायरिंग करने वाले शख्स ने कहा, ‘हमारे देश में और किसी की नहीं चलेगी, सिर्फ हिंदुओं की चलेगी।’ आरोपी ने अपना नाम कपिल गुर्जर बताया है। डीसीपी चिन्मय बिस्वल ने बताया कि, शख्स ने हवाई फायरिंग करके लोगों को डराने की कोशिश की। पुलिस ने उसे तुरंत पकड़ लिया गया।
शाहीन बाग में फायरिंग के बाद धरना स्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए हैं। बता दें कि, शाहीन बाग में CAA और NRC के खिलाफ प्रदर्शन अभी भी जारी है और अब बाहर से भी यहां पर लोग प्रदर्शन में शामिल हो रहे हैं।
बता दें कि, इससे पहले गुरुवार को ही नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के विरोध में जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय से राजघाट तक निकाले जा रहे मार्च में गुरुवार दोपहर एक शख्स ने गोली चला दी, जिसमें जामिया का एक छात्र घायल हो गया। घटना को लेकर दिल्ली पुलिस सबके निशाने पर थी, क्योंकि पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में यह गोलीबारी हुई थी।
बता दें कि, दक्षिणी दिल्ली के शाहीन बाग में नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) और नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटीजन्स (NRC) के खिलाफ सैकड़ों महिलाएं पिछले 15 दिसंबर से प्रदर्शन कर रही हैं। यहां करीब एक महीने से भी ज्यादा समय से प्रदर्शन चल रहा है। इस प्रदर्शन के चलते नोएडा को दिल्ली से जोड़ने वाली राह कालिंदी कुंज बंद पड़ा है।