राजस्थान: अकबर खान की हत्या पर भड़के कुमार विश्वास, बोले- ‘आंख मारना राष्ट्रीय मुद्दा है, लेकिन अलवर में एक इंसान को पीट कर मारना नहीं?’

0

राजस्थान के अलवर जिले में संदिग्ध गोरक्षकों ने 28 वर्षीय एक मुस्लिम शख्स की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार (21 जुलाई) को इसकी जानकारी दी। शुक्रवार (20 जुलाई) रात हुई इस घटना में कुछ ग्रामीणों ने अकबर खान नाम के व्यक्ति की गो तस्कर होने के संदेह में पकड़कर उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस अधिकारी ने कहा कि अकबर खान और उसके साथी की बेरहमी से पिटाई की गई थी।

इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों द्वारा कड़ी आलोचना की जा रही है। अकबर खान की हत्या पर आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और मशहूर कवि कुमार विश्वास ने भी ट्वीट कर नाराजगी व्यक्त किया है। विश्वास अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा है, “आँख मारना राष्ट्रीय विमर्ष है किंतु अलवर में गाय के शुबहे पर एक इंसान को पीट कर मारना नहीं ?? बामुलाहिजा साहेब-आन को सूचित हो”

https://twitter.com/DrKumarVishwas/status/1020690992201158660

दरअसल लोकसभा में शुक्रवार (20 जुलाई) को केंद्र सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने भाषण के वक्त सवालों के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला। राहुल गांधी ने अपना भाषण खत्म करने के बाद पहले तो पीएम मोदी के पास जाकर गले मिला और फिर उसके बाद अपने सीट पर वापस आने पर आंख भी मारी।

राहुल गांधी द्वारा आंख मारने की इस घटना को उनके आलोचकों ने एक राष्ट्रीय मुद्दा बना दिया। राहुल की यह तस्वीर सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गई और इंटरनेट पर वह ट्रोल का शिकार हो गए। इस घटना को अलवर कांड से जोड़ते हुए कुमार विश्वास ने राहुल गांधी के आलोचकों पर निशाना साधा है। हालांकि इससे पहले भी कुमार ने ट्वीट कर आंख मारने के मामले में राहुल गांधी का समर्थन किया था।

कुमार ने उसी दिन ट्वीट कर लिखा था, “अमाँ छोड़िए भी! ज़रा दिल बड़ा करिए! आँख ही तो मारी है वरना इन सदनों में क्या-क्या मारा गया है, मुल्क को मालूम है।”

क्या है मामला?

पुलिस के अनुसार, हरियाणा में नूंह जिले के कोलगांव निवासी अकबर (40) उर्फ रकबर पुत्र सुलेमान शुक्रवार (20 जुलाई) देर रात अपने एक साथी के साथ दो गायों को लेकर लालामंडी रामगढ़ से पैदल जा रहा था। इसी बीच रास्ते में कथित गो रक्षकों ने उसकी लाठी-डंडों से पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान अकबर का साथी तो जान बचाकर भाग निकला, लेकिन वह भीड़ के हत्थे चढ़ गया। ग्रामीणों ने उसे पीटकर अधमरा कर दिया।

सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और अकबर को ग्रामीणों के चंगुल से मुक्त करवाया। अस्पताल ले जाते समय अकबर ने रास्ते में दम तोड़ दिया। जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक हेमंत प्रियदर्शी ने बताया कि इस मामले में धर्मेद्र यादव और परमजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया है। अन्य नामजद आरोपितों की तलाश की जा रही है।

हरियाणा के कोलागांव के रहने वाले युवक अकबर खान की हत्या के बाद पिता सुलेमान ने बेटे की हत्या के मामले में न्याय की मांग की है। बुजुर्ग पिता ने कहा, ”उन्हें इंसाफ चाहिए।” बता दें कि अलवर में गोरक्षा के नाम पर पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं। पिछले साल अप्रैल में कुछ गोरक्षकों ने पहलू खान की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।

 

 

Previous articleNasty comments targeting Suhana Khan for new photo will break father Shah Rukh Khan’s heart
Next articleA message for PM Modi in new Amul ad after Rahul Gandhi’s impromptu hug