मुंबई पुलिस के सामने पेश हुईं BJP समर्थक अभिनेत्री कंगना रनौत, सिख समुदाय के खिलाफ दिया था आपत्तिजनक बयान

0

अपने बयानों को लेकर विवादों में रही भाजपा समर्थक बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत मीडिया पर कथित तौर पर किसानों के खिलाफ टिप्पणी करने के मामले में गुरुवार को मुंबई पुलिस के समक्ष पेश हुईं। कंगना ने किसानों के आंदोलन को कथित तौर पर एक अलगाववादी समूह से जोड़ा था। कंगना सुबह करीब 11 बजे खार थाने पहुंचीं। एक सिख संगठन की शिकायत के बाद पिछले महीने खार थाने में कंगना के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

कंगना रनौत

कंगना रनौत के वकील रिज़वान सिद्दीकी ने बताया कि अभिनेत्री मामले में अपना बयान दर्ज कराने थाने पहुंचीं। पुलिस ने इस महीने की शुरुआत में उन्हें पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया था। कंगना के वकील ने बंबई उच्च न्यायालय को बताया था कि वह 22 दिसंबर को खार पुलिस के समक्ष पेश होंगी। बुधवार को उनके वकील ने पेश होने के लिए दूसरी तारीख दिए जाने का अनुरोध किया था।

मुंबई पुलिस ने इससे पहले बंबई उच्च न्यायालय को बताया था कि वह 25 जनवरी, 2022 तक कंगना को उनके सोशल मीडिया पोस्ट के लिए गिरफ्तार नहीं करेगी, जिसमें किसानों के विरोध प्रदर्शन को कथित तौर पर एक अलगाववादी समूह से जोड़ा गया था।

उच्च न्यायालय ने कहा था कि इस मुद्दे में कंगना की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के मौलिक अधिकार का बड़ा सवाल शामिल है और अदालत को उन्हें कुछ अंतरिम राहत देनी होगी। इसके बाद ही पुलिस ने यह बयान दिया था। कंगना ने इस महीने की शुरुआत में उच्च न्यायालय का रुख किया था और अपने खिलाफ खार थाने में दर्ज प्राथमिकी रद्द करने का अनुरोध किया था।

अभिनेत्री के खिलाफ प्राथमिकी एक सिख निकाय के कुछ सदस्यों की शिकायत के बाद दर्ज की गई, जिसमें दावा किया गया है कि कंगना ने अपने ‘इंस्टाग्राम’ पर एक पोस्ट के माध्यम से दिल्ली की सीमाओं पर हुए किसानों के आंदोलन को खालिस्तानी आंदोलन के रूप में पेश किया। पुलिस ने कंगना के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 295-ए के तहत मामला दर्ज किया है। (इंपुट: भाषा के साथ)

[Please join our Telegram group to stay up to date about news items published by Janta Ka Reporter]

Previous articleयोगी आदित्यनाथ ने ‘भारत की आजादी’ को लेकर किया ट्वीट, BJP समर्थक अभिनेत्री कंगना रनौत को ट्रोल करने लगे यूजर्स
Next articleअयोध्या में राम के नाम पर मची लूट? प्रियंका गांधी का आरोप- BJP नेता और अधिकारी जमीन की लूट में शामिल, सुप्रीम कोर्ट के स्तर पर हो जांच