देश के साथ ही बिहार में भी तेजी से पांव पसार चुके कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर ने पूरे राज्य में कोहराम मचा रखा है। बिहार में कोरोना का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। इस बीच, राज्य में सत्ताधारी पार्टी जनता दल (युनाइटेड) के विधान पार्षद (एमएलसी) तनवीर अख्तर का कोरोना वायरस के कारण शनिवार को निधन हो गया।
पूर्व में कांग्रेस के नेता रहे अख्तर पिछले महीने कोरोना पॉजिटिव हो गए थे। इसके बाद उन्हें पटना के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने शनिवार को अंतिम सांस ली। तनवीर अख्तर पहले बिहार कांग्रेस के उपाध्यक्ष थे, उसके बाद वे जदयू में शामिल हो गए थे। उनके निधन से राज्य के राजनीतिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
विधान पार्षद तनवीर अख्तर के निधन पर मुख्यमंत्री सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने बिहार विधान परिषद के सदस्य मो. तनवीर अख्तर के निधन को अत्यंत दुखद बताते हुए अपने शोक संदेश में कहा, “वे एक कुशल राजनेता थे। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें जन्नत में आला मकाम अता करें।”
बिहार विधान परिषद के सदस्य मोo तनवीर अख्तर जी का निधन अत्यंत दुखद है। वे एक कुशल राजनेता थे। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें जन्नत में आला मक़ाम अता करें।
— Nitish Kumar (@NitishKumar) May 8, 2021
तेजस्वी यादव ने तनवीर अख्तर के निधन पर दुख जताते हुए अपने ट्वीट में लिखा, “कोरोना संक्रमण के कारण JDU एमएलसी जनाब तनवीर अख्तर जी के असामयिक निधन की खबर सुन आहत हूँ। ईश्वर मरहूम को जन्नत में मक़ाम दें तथा संकट व दुःख की इस घड़ी में परिजनों को सब्र और हिम्मत दें।”
कोरोना संक्रमण के कारण JDU एमएलसी जनाब तनवीर अख्तर जी के असामयिक निधन की खबर सुन आहत हूँ। ईश्वर मरहूम को जन्नत में मक़ाम दें तथा संकट व दुःख की इस घड़ी में परिजनों को सब्र और हिम्मत दें।
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) May 8, 2021
बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि जदयू नेता के निधन की खबर से स्तब्ध और दुखी हूं। अल्पसंख्यक समाज की बेहतरी के लिए उनके किये काम सदैव याद किये जाएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने भी तनवीर अख्तर के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा, “तनवीर अख्तर के निधन की सूचना से आहत हूं। वह एक बेबाक और हर दिल अजीज इंसान थे। खुदा उनको जन्नतुल फिरदौस में ऊंचा मुकाम दें।”
भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. निखिल आनंद ने भी अख्तर के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा, “जेएनयूएसयू के पूर्व अध्यक्ष अख्तर जी का निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। वे नेकदिल, सरल, सहज, संघर्षशील और सहनशील व्यक्ति थे। मैं बतौर छात्र और पत्रकार उनके जीवन संघर्ष का साक्षी रहा हूं।”
इधर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रदेश युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ललन कुमार ने विधान पार्षद के निधन को बिहार की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि उनका असमय चले जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है।
बिहार भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं एमएलसी देवेश कुमार ने भी बिहार विधान परिषद सदस्य तनवीर अख्तर के निधन पर शोक जताया है। (इंपुट: IANS के साथ) ्वीपीूप