राफेल मुद्दे पर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का PM आवास के बाहर प्रदर्शन

0

‘जनता का रिपोर्टर’ द्वारा राफेल लड़ाकू विमानों के सौदे को लेकर किए गए खुलासे के बाद राजनीतिक गलियारों में भूचाल मचा हुआ है। कांग्रेस राफेल डील पर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को बख्शने के मूड में नहीं हैं। ‘जनता का रिपोर्टर’ द्वारा उठाए गए सवाल के बाद सरकार और विपक्ष के बीच सौदे को लेकर घमासान जारी है। वहीं, आज युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता राफेल मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के घर का घेराव कर रहीं है।

युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास तक मार्च निकाल रही है। प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। यूथ कांग्रेस के इस प्रदर्शन में हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि राफेल डील के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस डील में घोटाला किया है।

इस मौके पर यूथ कांग्रेस ने कहा, “राष्ट्रीय सुरक्षा का सहारा लेकर मोदी सरकार राफेल घोटाले को छुपा रही है। लेकिन इसे बहुत स्पष्टता के साथ कोई भी व्यक्ति समझ सकता है कि यहां दाल में काला नहीं बल्कि पूरी दाल ही काली है। यह अबतक के इतिहास का सबसे बड़ा घोटाला है।”

साथ ही उन्होंने कहा कि, “राफेल घोटाले की असफलताओं को मोदी सरकार अपनी उपलब्धियां बता रही है। हमारे आंखों के सामने प्रत्यक्ष रूप से एक घोटाला होता है और उसे दबाया जाता है। युवा कांग्रेस इतने बड़े घोटाले को यूं ही दबने नहीं देगी।”

वहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वित्त मंत्री अरुण जेटली पर निशाना साधा। उन्होंने राफेल डील को घोटाला बताते हुए अल्टीमेटम की याद दिलाई। राफेल मामले में संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के गठन की मांग पर अरुण जेटली से 24 घंटे के भीतर जवाब मांगने के एक दिन बाद राहुल गांधी ने आज कहा कि जेटली को इस पर जल्द जवाब देना चाहिए क्योंकि ‘समयसीमा’ खत्म हो रही है।

राहुल गांधी ने कहा, ”डियर जेटली जी राफेल की जेपीसी से जांच पर जवाब के लिए आपकी डेडलाइन खत्म होने में छह घंटे से भी कम का समय बचा है। युवा भारत इंतजार कर रहा है। मैं आशा करता हूं कि आप मोदी जी और अनिल अंबानी जी को इस बात के लिए मनाने में लगे हैं कि उन्हें आपकी बात क्यों सुननी चाहिए और इसकी अनुमति देनी चाहिए!”

बता दें कि ‘जनता का रिपोर्टर’ के खुलासे के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर रिलायंस समूह के चेयरमैन और मशहूर उद्योगपति अनिल अंबानी की कंपनी को हजारों करोड़ रुपए का फायदा पहुंचाने का भी आरोप लगा रही है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस ने राफेल के मुद्दे पर देशभर में करीब 100 से अधिक प्रेस कॉन्फ्रेंस की हैं। इसके अलावा कांग्रेस की कोर कमेटी ने अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ मिलकर बैठक भी की। पार्टी ने बैठक में मोदी सरकार को घेरने का प्लान बनाया।

Previous articleRahul Gandhi thanks Arun Jaitley on ‘Rafale robbery,’ gives him 6-hour ultimatum
Next articlePM मोदी ने की सोशल मीडिया पर गंदगी ना फैलाने की अपील, लोगों ने कसा तंज- ‘इसकी शुरुआत घर से ही क्यों न हो फिर?’