लोकसभा चुनाव: अखिलेश के खिलाफ निरहुआ को उम्मीदवार बनाए जाने को लेकर ट्विटर पर भिड़े आज तक की एंकर चित्रा त्रिपाठी और बीजेपी सांसद

1

लोकसभा चुनाव 2019 के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के लिए पांच और महाराष्ट्र के लिए एक उम्मीदवार की नई लिस्ट जारी की। बीजेपी ने आजमगढ़ सीट से उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव के खिलाफ भोजपुरी गायक और अभिनेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ को उतारा है।

निरहुआ

इसके अलावा बीजेपी ने रायबरेली सीट से सोनिया गांधी के खिलाफ दिनेश प्रताप सिंह को मैदान में उतारा है। वहीं, बीजेपी ने मैनपुरी से समाजवादी पार्टी के सरंक्षक मुलायम सिंह यादव के खिलाफ प्रेम सिंह शाक्य को टिकट दिया है। इसके अलावा महाराष्ट्र की मुंबई नॉर्थ-ईस्ट सीट से पार्टी के वरिष्ठ नेता और मौजूदा सांसद किरीट सोमैया का टिकट काट दिया गया है। उनकी जगह पर मनोज कोटक को मैदान में उतारा है।

अखिलेश यादव के खिलाफ ‘निरहुआ’ को मैदान में उतारने पर आजतक की एंकर चित्रा त्रिपाठी ने बीजेपी पर तंज कसते हुए लिखा, “दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी होने का दावा करने वाली बीजेपी के पास क्या उम्मीदवारों की घनघोर कमी हो गई है? आजमगढ़ जैसी सीट पर निरहुआ को उतारना यही बताता है। भीड़ जुटाने और चुनाव जीतने में बहुत फर्क होता है। स्थानीय नेताओं को दरकिनार करना भारी पड़ सकता है।”

चित्रा त्रिपाठी का यह ट्वीट उत्तर पूर्व दिल्ली से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी को रास नहीं आया। उनके ट्वीट पर पलटवार करते हुए मनोज तिवारी ने लिखा, “प्रचंड ग़रीबी में जी रहा कोई व्यक्ति जब समाज में अपनी पहचान बनाता है न चित्रा त्रिपाठी जी, तो उसकी क्षमता को पत्रकार को ज़रूर समझना चाहिए.. भ्रष्टाचारी लड़ सकता है! 5k cr घोटाले का ज़मानती लड़ सकता है.. निरहुआ क्यूँ नही? एक कलाकार के प्रति ऐसी टिप्पणी की आपसे उम्मीद नही थी।”

मनोज तिवारी के इस ट्वीट पर चित्रा त्रिपाठी ने लिखा, “मनोज जी, आपकी देश में बहुत बड़ी पहचान है, आपकी बातों और निरहुआ की कला और संघर्ष का पूरा सम्मान करते हुये बस एक बात कहना चाहूंगी- बीजेपी का जो स्थानीय नेता सालों से संघर्ष कर रहा है, सम्मान उनका भी होना चाहिये।”

Previous articleअमित शाह बोले- ‘BJP प्रेस और मीडिया की स्वतंत्रता की पक्षधर है’, पुण्य प्रसून बाजपेयी सहित कई पत्रकारों ने कसा तंज
Next articleविवाद के बीच टाटा स्काई का सनसनीखेज खुलासा, नमो टीवी को बताया ‘हिंदी न्यूज़ सर्विस’, कहा- ‘इसे हटाने का कोई विकल्प नहीं’