दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ भाजपा के राज्यसभा सांसद और ज़ी ग्रुप के मालिक डा. सुभाष चंद्रा ने गुरुवार(17 नवंबर) को दिल्ली के पटियाला आपराधिक मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया।
सुभाण चंद्रा ने ट्वीटर के जरिए इसकी जानकारी दी।
I have filed a criminal defamation suit against Delhi Chief Minister Arvind Kejriwal in Patiala House Court
— Subhash Chandra (@subhashchandra) November 17, 2016
चंद्रा की तरफ से वकील विजय अग्रवाल ने याचिका लगाकर कहा कि 11 नवंबर को दिल्ली के मुख्यमंत्री ने एक प्रेसवार्ता का आयोजन किया था। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने सुभाष चंद्रा के खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगाए।
गौरतलब है कि केजरीवाल ने कालेधन के मामले में डा. सुभाष चंद्रा का नाम लिया था, जिसके बाद यह केस दर्ज कराया गया। आपराधिक मानहानि के इस केस में यह दलील दी गई है कि केजरीवाल बार-बार अपने बयानों से छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करते हैं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हाल में 500 और 1000 रुपये के नोटबैन के बाद अपने बयान में कालेधन के नाम पर देश में एक बड़े ‘घोटाले’ का आरोप लगाया था। इस दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कालेधन के मामले में देश के कई शीर्ष उद्योगपतियों का नाम लिया था, जिसमें डा. सुभाष चंद्रा का नाम भी शामिल था।
चंद्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रेसवार्ता के दौरान जानबूझकर नोटबंदी के मुद्दे पर उनका नाम उछाला। जिससे उनकी सार्वजनिक छवि को गहरा धक्का पहुंचा है। समाज में उनकी अच्छी छवि है। मुख्यमंत्री ने उनकी छवि को नुकसान पहुंचाया है।