VIDEO: जानें, क्यों कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और सोनिया गांधी को धोना पड़ा अपना जूठा बर्तन, वीडियो वायरल

0

महाराष्ट्र के वर्धा में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक खत्म हो गई है। महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर वर्धा के ऐतिहासिक सेवाग्राम आश्रम में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (सप्रंग) की अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार (2 अक्टूबर) को बापू को श्रद्धांजलि अर्पित की। नई दिल्ली से यहां पहुंचे राहुल गांधी बाद में कांग्रेस कार्यकारिणी (सीडब्ल्यूसी) के 53 सदस्यों के साथ महात्मा गांधी के निवास स्थान रहे ‘बापू कुटीर’ गए और एक प्रार्थना सभा में हिस्सा लिया।

इसके बाद, 1942 में गांधीजी के नेतृत्व में हुई कांग्रेस कार्यकारिणी की ऐतिहासिक बैठक का जश्न मनाने के लिए आश्रम के पास में स्थित महादेव भवन में कार्यकारिणी की एक विशेष बैठक हुई। आठ अगस्त, 1942 को ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ का आह्वान इसी बैठक से किया गया था, जिसके कारण आखिरकार पांच सालों बाद ब्रिटिश शासन को देश से जाना पड़ा था।

राहुल गांधी और सोनिया ने खुद धोया अपना जूठा बर्तन

इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने वर्धा में बापू कुटीर कैंटीन में खाना खाने के बाद अपना जूठा बर्तन खुद धोया। दरअसल, परंपरा के अनुसार यहां सभी लोग को खाना खाने के बाद अपने बर्तन खुद धोते हैं। इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सोनिया और राहुल भी अपने जूठे बर्तन खुद धोते हुए नजर आए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

कार्यकारिणी की बैठक के बाद राहुल गांधी और अन्य नेता कलेक्टोरेट के पास महात्मा की मूर्ति पर माल्यार्पण किए और फिर शहर के मुख्य क्षेत्रों से होते हुए एक प्रतीकात्मक ‘पदयात्रा’ किया गया। इसके बाद रामनगर के सर्कस ग्राउंड में ‘संकल्प’ रैली को संबोधित करेंगे।

दुनिया के सबसे बड़े ‘चरखे’ का अनावरण

वहीं, राज्य के वित्तमंत्री सुधीर मुंगतीवार ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार सेवाग्राम आश्रम परिसर के बाहर दुनिया के सबसे बड़े ‘चरखे’ का अनावरण करेगी। चरखे का आयाम 18 फुट ऊंचा, 31 फुट लंबा और 11 फुट चौड़ा है, और यह नई दिल्ली हवाईअड्डे पर स्थापित एक चरखे के मौजूदा रिकॉर्ड को तोड़ देगा। महाराष्ट्र सरकार मंगलवार को मुंबई के आर्थर रोड सेंट्रल जेल और रायगढ़ के तलोजा सेंट्रल जेल के 28 कैदियों सहित विभिन्न जेलों से 101 कैदियों को रिहा करेगी।

आपको बता दें कि गांधी ने करीब 10 साल सेवाग्राम आश्रम में बिताए थे। मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने नरीमन पॉइंट पर महात्मा गांधी की मूर्ति पर श्रद्धांजलि अर्पित की और फिर विभिन्न मुद्दों पर भारतीय जनता पार्टी सरकार के खिलाफ एक मौन विरोध प्रदर्शन किया।

Previous articleकिसानों ने पुलिस पर लगाया लाठीचार्ज और गोलीबारी का आरोप, आंसू गैस के दागे गोले, किसान बोले- 'हम आतंकवादी नहीं हैं जो दिल्ली में जाने से रोका जा रहा है'
Next articleकोलकाता के दमदम में जबरदस्त धमाका, एक मासूम बच्चे की मौत, कई बुरी तरह घायल