VIDEO: सोनिया गांधी के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने ली लोकसभा सदस्यता की शपथ

0

कांग्रेस संसदीय दल की नेता और उत्तर प्रदेश के रायबरेली से सांसद चुनी गई सोनिया गांधी ने मंगलवार (18 जून) को लोकसभा सदस्यता की शपथ ली तथा सत्ता पक्ष एवं विपक्ष के नेताओं ने काफी समय तक मेजें थपथपाकर उनका अभिनदंन किया।

सोनिया गांधी

सोनिया ने अपनी चिरपरिचित शैली में मुस्कुराते हुए हिंदी में शपथ ली। जैसे ही महासचिव ने उनका नाम पुकारा सत्तापक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने मेजें थपथपाकर उनका अभिनंदन किया। कांग्रेस के सदस्य देर तक मेजें थपथपाते रहे। उनके शपथ लेने के दौरान सदन में उनके पुत्र और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी मौजूद थे। वह अपने मोबाइल में सोनिया के शपथ ग्रहण की रिकॉर्डिंग करते हुए भी प्रतीत हुए।

गौरतलब है कि सोनिया लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की एकमात्र विजयी उम्मीदवार रहीं। वह 2004 से लगातार रायबरेली का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।

सोनिया के बाद ही भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी का नाम शपथ लेने के लिए पुकारा गया। उनका नाम पुकारे जाते ही भाजपा के सदस्यों ने ‘‘भारत माता की जय’’ के नारे लगाये। इस दौरान संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को भी मेज थपथपाते देखा गया। मेनका ने भी हिंदी में शपथ ली। इस दौरान उनके पुत्र और भाजपा सांसद वरुण गांधी सदन में उपस्थित थे। उन्होंने भी आज लोकसभा की सदस्यता की शपथ ली।

मेनका गांधी ने शपथ लेने के बाद अपनी सीट की ओर लौटते हुए अग्रिम पंक्ति में बैठे अन्य नेताओं के साथ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और उनकी मां सोनिया गांधी का भी अभिवादन किया। सोनिया, राहुल ने भी हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया।

बता दें कि, सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शपथ ली थी। राहुल इस बार वायनाड से सांसद चुने गए हैं और उन्होंने अंग्रेजी में शपथ ली। उत्तर प्रदेश से इस बार सोनिया गांधी कांग्रेस की एक मात्र सांसद हैं। पिछली लोकसभा में राहुल और सोनिया दोनों यूपी की सीट से चुने गए थे, लेकिन इस बार राहुल अमेठी से चुनाव हार गए। (इंपुट: भाषा के साथ)

Previous articleVIDEO: लोकसभा में असदुद्दीन ओवैसी के शपथ के दौरान लगे जय श्रीराम और वंदे मातरम के नारे, AIMIM सांसद ने जवाब में कहा- अल्लाह-हू-अकबर
Next articleदेखें, उन्नाव से BJP सांसद साक्षी महाराज के शपथग्रहण के दौरान लोकसभा में लगे ‘मंदिर वहीं बनाएंगे’ के नारे