फैशन के अलग अंदाज और अलग-अलग तरह की पोशाकों को लेकर हमेशा चर्चा में रहने वाली बॉलीवुड अभिनेत्री सोनम कपूर ने 8 मई को अपने प्रेमी एवं उद्योगपति आनंद आहूजा के साथ विवाह बंधन में बंध गईं। शादी के तुरंत बाद ही अभिनेत्री ने अपने नाम के साथ अपने पति का नाम जोड़कर सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा- सोनम कपूर आहूजा/ सोनम के. आहूजा.।
शादी के तुरंत बाद इंस्टाग्राम पर जब सोनम ने अपना नाम बदलकर सोनम कपूर आहूजा लिख दिया तो शायद उनका यह कदम बहुत से लोगों को अच्छा नहीं लगा और उनको जबरदस्त आलोचना का सामना करना पड़ा। हालांकि, सोनम कपूर की तरफ से इन सब विवादित कमेंट्स पर कभी कोई जवाब नहीं आया था लेकिन अब सोनम ने इस पर खुलकर बोला है।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक सोनम ने कहा कि, ‘मैंने हमेशा कहा है कि मैं एक फेमिनिस्ट हूं, मेरे पास विकल्प है कि मैं चाहूं तो मैं अपना नाम बदल सकती हूं। आनंद ने भी अपना नाम बदला है, लेकिन किसी ने इसके बारे में किसी ने नहीं लिखा। आपको आनंद से भी पूछऩा चाहिए, उन्होंने भी अपना नाम बदल लिया है।’ आनंद ने भी इंस्टाग्राम पर अपना नाम बदलकर आहूजा से पहले ‘एस’ लगा लिया।
बता दें कि, बॉलीवुड अभिनेत्री सोनम कपूर ने मंगलवार(8 मई) को अपने प्रेमी एवं उद्योगपति आनंद आहूजा के साथ विवाह बंधन में बंध गईं। उनकी शादी में उनके परिवार के सदस्यों और बॉलीवुड से उनके कुछ करीबी दोस्तों ने शिरकत की। बांद्रा में सोनम की एक रिश्तेदार के घर सिख रीति रिवाजों के साथ सोनम और आनंद शादी के बंधन में बंधे।
पिता अनिल कपूर, मां सुनीता कूपर, हर्षवर्धन कपूर, अर्जुन कपूर, संजय कपूर, बोनी कपूर उनकी बेटियां जाह्नवी और खुशी कपूर के अलावा मोहित मारवाह और परिवार के कई अन्य सदस्य इस दौरान मौजूद रहे। बॉलीवुड की ओर से अमिताभ बच्चन अपने बेटे अभिषेक और बेटी श्वेता के साथ यहां पहुंचे।
फिल्म जगत से उनके अलावा करण जौहर, रणवीर सिंह, सैफ अली खान, करीना कपूर, करिशमा कपूर, रानी मुखर्जी, जैकलिन फर्नांडीज, स्वरा भास्कर, जावेद अख्तर, डिजाइनर मासबा गुप्ता, आमिर खान और किरण राव ने भी शादी में शिरकत की।