बॉलीवुड के बाद अब BJP के वरिष्ठ नेता भी हुए रानू मंडल की आवाज के फैन, हिमेश रेशमिया की भी की तारीफ

0

पश्चिम बंगाल के रानाघाट रेलवे स्टेशन पर बैठकर लता मंगेशकर का लोकप्रिय गाना ‘एक प्यार का नगमा है’ गाना गाने वाली बुजुर्ग महिला रानू मंडल इन दिनों सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। अपने एक वीडियो के चलते रानू मंडल ने पूरे देश में अपनी दमदार पहचान बना ली है। रानू के वीडियो बॉलीवुड सेलेब्रिटीज तक पहुंचे, उन्हें हिमेश रेशमिया के रियलिटी शो ‘सुपरस्टार सिंगर’ में बुलाया गया। यहीं पर हिमेश ने उन्हें अपनी फिल्म में गाने का मौका भी दिया। वहीं, अब रानू मंडल को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का साथ मिल गया है। भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने रानू मंडल की जमकर तारीफ की है।

बॉलीवुड

रानू मंडल की तारीफ करते हुए भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने ट्विटर पर लिखा, “बंगाल में प्रतिभाओं की कमी नहीं है! कोलकाता रेलवे स्टेशन पर गाकर अपना गुजारा करने वाली रानू मंडल जी की प्रतिभा को पारखी नजरों ने खोजा, अब उनकी लोकप्रियता परवान चढ़ रही है।” इसके साथ ही कैलाश विजयवर्गीय ने हिमेश रेशमिया की भी तारीफ करते हुए उनका शुक्रिया अदा किया। उन्होंने लिखा, “इस गायिका (रानू मंडल) को मौका देने के लिए संगीतकार श्री हिमेश रेशमिया जी को धन्यवाद!”

रानू मंडल को बॉलीवुड सिंगर और एक्टर हिमेश रेशमिया ने सॉन्ग ‘तेरी मेरी कहानी’ के बाद एक और गाने का ऑफर दिया है। इस बात की जानकारी किसी और ने नहीं बल्कि खुद सिंगर हिमेश रेशमिया ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो शेयर करते हुए दी है।

रानू मंडल का एक नया वीडियो पोस्ट करते हुए हिमेश रेशमिया ने लिखा, “तेरी मेरी कहानी के दमदार प्रदर्शन के बाद रानू मंडल की सुरीली आवाज में हैप्पी हार्डी एंड हीर का एक और गाना आदत रिकॉर्ड किया जा रहा है। यहां इस गाने की थोड़ी सी झलक है। यह अलाप और वॉयस ओवर गाने की थीम है। आप सभी के प्यार और साथ के लिए धन्यवाद।” वीडियो में रानू मंडल हिमेश रेशमिया के साथ स्टूडियो में गाना रिकॉर्ड करती दिखाई दे रही हैं। हालांकि, इस वीडियो में रानू केवल गुनगुना रही हैं।

बता दें कि रानू मंडल के सिंगिंग टैलेंट से हिमेश रेशमिया काफी प्रभावित हुए थे। हिमेश रेशमिया ने सुपरस्टार सिंगर के मंच पर रानू मंडल का गाना ‘एक प्यार का नगमा’ सुनने के बाद उनसे अपनी फिल्म में गाना गाने का अनुरोध किया था।हिमेश रेशमिया के इस कदम के लिए लोग उनकी खूब सराहना कर रहे हैं।

गौरतलब है कि, रानू मंडल को हिमेश के बाद अभिनेता-गायक प्रदीप पांडे चिंटू ने भी ऑफर दिया है, उन्होंने भी कहा है कि ‘वो बहुत जल्द रानू के साथ गाना रिकॉर्ड करेंगे। रानू मंडल जी लोगों के दिलों में जिस तेजी के साथ जगह बना रही हैं वह कमाल है। जब मैंने उनका गाना सुना तो उनका फैन हो गया।’

बता दें कि, पश्चिम बंगाल की महिला रानू मंडल का एक वीडियो फेसबुक के पेज बारपेटा टाउन द प्लेस ऑफ पीस से शेयर हुआ था। इस वीडियो में वह लता मंगेश्कर की आवाज में उन्हीं का गाना प्यार का नगमा है गाती नजर आ रही थीं। वीडियो में एक बुजुर्ग महिला को ‘एक प्यार का नगमा है’ गाना गाते देखा और सुना जा सकता है। वीडियो में महिला बेहद गरीब दिख रही है लेकिन उनकी आवाज को लोग लता मंगेशकर की तरह बता रहे हैं। इस महिला की आवाज को यूजर्स ही नहीं कुछ सेलेब्रिटीज ने भी पसंद किया है।

ये गाना 1972 में आई हिंदी फिल्म ‘शोर’ का है, जिसे लता मंगेशकर ने गाया था। फिल्म में मनोज कुमार, नंदा, मास्टर सत्यजीत रे मुख्य भूमिका में थे। यह गाना लता के हिट लिस्ट में से एक है जिसे आज भी लोग पसंद करते हैं। इस वीडियो को वीरल भयानी ने भी अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया।

Previous articleमहाराष्ट्र: सामूहिक दुष्कर्म की शिकार हुई 19 वर्षीय युवती ने अस्पताल में तोड़ा दम, चार दोस्तों ने दिया था वारदात को अंजाम
Next articleवित्त मंत्री निर्मला सीतरमण का बड़ा ऐलान, कई बैंकों का आपस में होगा विलय, देश में सिर्फ रह जाएंगे 12 सरकारी बैंक