रविवार को सीएम अखिलेश यादव को समाजवादी पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के बाद अखिलेश गुट ने नरेश उत्तम पटेल को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया है। इसके अलावा मुलायम सिंह यादव ने किरणमयी नंदा और नरेश अग्रवाल को भी पार्टी से बाहर निकाल दिया।
नरेश उत्तम को समाजवादी कुनबे का विश्वास पात्र माना जाता है। समाजवादी नेता नरेश उत्तम को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। अखिलेश यादव के समर्थकों ने दोपहर 4 बजे पार्टी के दफ्तर पर धावा बोलकर उसे कब्जे में ले लिया। यहां अखिलेश ने नरेश उत्तम को भी बुलाया और पार्टी की प्रदेश में कमान उन्हें सौंपी।
जहां एक तरफ पार्टी दफ्तर में उठापटक चल रही थी वहीं मुलायम सिंह ने किरणमय नंदा और नरेश अग्रवाल को भी पार्टी से निष्कासित कर दिया।
Mulayam Singh Yadav has expelled Kiranmoy Nanda and Naresh Agrawal from Samajwadi Party
— ANI UP (@ANINewsUP) January 1, 2017
मीडिया रिपोटर्स के मुताबिक, अखिलेश के करीबी माने जाने वाले सपा प्रवक्ता एवं राज्य के कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि अखिलेश ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की हैसियत से विधानपरिषद सदस्य नरेश उत्तम पटेल को शिवपाल यादव की जगह पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। पटेल ने पदभार ग्रहण कर लिया है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने पूरे तौर पर अखिलेश का अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष मान लिया है और अब उनके निर्णयों को किसी भी तरह चुनौती नहीं दी जा सकती।
आपको बता दें कि राजधानी में समाजवादी पार्टी महासचिव रामगोपाल यादव द्वारा बुलाए गए विशेष अधिवेशन में आज पार्टी नेताओं ने जो कुछ कहा, उससे साबित हो गया कि सपा में अभी भी कुछ सही नहीं है। अधिवेशन में आज पार्टी नेता रामगोपाल यादव के 4 प्रस्ताव पेश हुए थे।