उत्तर प्रदेश में अपराधियों के हौसले कितने बुलंद है, इसका अंदाजा आप इसी ख़बर से लगा सकते है। राज्य के बलिया जिले के फेफना थाना क्षेत्र में सोमवार रात्रि एक निजी हिंदी टीवी चैनल के पत्रकार रतन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सोमवार देर शाम को घटित हुई इस घटना के बाद प्रशासनिक अमले में भी हड़कंप मच गया है। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक संजय यादव ने बताया कि 45 वर्षीय रतन सिंह की सोमवार रात्रि फेफना गांव में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के समय वह घर की तरफ जा रहे थे। उधर लखनऊ में अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने बताया कि हत्या के मामले में तीन लोगों अरविंद सिंह, दिनेश सिंह और सुनील कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
इससे पहले बलिया पुलिस ने बताया कि अभी तक की जानकारी के अनुसार पत्रकार रतन सिंह का अपने पड़ोसी से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार शाम फिर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ, उसी में पड़ोसी ने गोली मार दी, आरोपी दिनेश सिंह उनका दूर का रिश्तेदार है। उन्होंने बताया कि पुलिस कार्यवाही में जुटी है।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की छानबीन कर रही है। रतन सिंह सहारा समय न्यूज चैनल के युवा पत्रकार थे। इनकी हत्या पर बलिया श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है।
इस हत्याकांड के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने ट्वीट किया है। अजय कुमार लल्लू लिखते हैं, ‘उत्तर प्रदेश सरकार पत्रकारों का दमन करती है। बदमाश बेखौफ होकर हत्या करते हैं। अभी बलिया में पत्रकार रतन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हर रोज, हर घंटे बेगुनाहों की हत्या। मुख्यमंत्री जी नैतिकता कब जगेगी। अब और कितनी लाशें, कितने खून?’
उप्र सरकार पत्रकारों का दमन करती है और बदमाश बेख़ौफ़ होकर हत्या करते है।
अभी बलिया में सहारा समय के पत्रकार रतन सिंह की गोली मारकर हत्या।
हर रोज, हर घंटे बेगुनाहों की हत्या।
मुख्यमंत्री जी नैतिकता कब जगेगी? अब और कितनी लाशें, कितने खून? https://t.co/m5JsmaztCc
— Ajay Kumar Lallu (@AjayLalluINC) August 24, 2020