उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के विजयनगर इलाके में गोली लगने से घायल पत्रकार विक्रम जोशी की इलाज के दौरान बुधवार तड़के मौत हो गई। बीते सोमवार रात मृतक पत्रकार विक्रम जोशी को बदमाशों ने घेर कर सरेराह उनकी बेटियों के सामने ही सिर में गोली मार दी थी। पत्रकार विक्रम जोशी की हत्या पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने योगी सरकार पर हमला बोला है।
राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा, “अपनी भांजी के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर पत्रकार विक्रम जोशी की हत्या कर दी गयी। शोकग्रस्त परिवार को मेरी सांत्वना। वादा था राम राज का, दे दिया गुंडाराज।”
अपनी भांजी के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर पत्रकार विक्रम जोशी की हत्या कर दी गयी। शोकग्रस्त परिवार को मेरी सांत्वना।
वादा था राम राज का, दे दिया गुंडाराज।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) July 22, 2020
पत्रकार विक्रम जोशी के परिवार के एक सदस्य ने समाचार एजेंसी ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हां, वह (विक्रम जोशी) अब जीवित नहीं हैं। जोशी ने अस्पताल में उपचार के दौरान सुबह करीब चार बजे दम तोड़ दिया।’’ पुलिस ने बताया कि इस मामले में अभी तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पत्रकार विक्रम जोशी ने अपनी भांजी के साथ छेड़छाड़ के विरोध में बदमाशों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी थी। इससे नाराज बदमाशों ने विक्रम को सोमवार रात बेटियों के सामने सर में गोली मारी थी। विक्रम की हालत नाजुक बनी हुई थी और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था, उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। आज सुबह उन्होंने गाजियाबाद के नेहरू नगर स्थित यशोदा अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।