VIDEO: योगी सरकार के दो साल पूरे होने पर बोलीं प्रियंका गांधी वाड्रा, रिपोर्ट कार्ड सुनने में बहुत अच्छा लगता है पर जमीन पर कुछ भी नहीं है

0

उत्तर प्रदेश सरकार के दो साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दिए गए बयान पर कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने जमकर हमला बोला है। प्रियंका गांधी ने कहा कि जमीन पर आकर देखे कि क्या हो रहा है, ये रिपोर्ट कार्ड, ये प्रचार ये लगता बहुत अच्छा है लेकिन जमीन पर कुछ नहीं है।

प्रियंका गांधी वाड्रा

बता दें कि प्रयागराज से वाराणसी के बीच गंगा नदी में 100 किलोमीटर के सफर पर निकली प्रियंका गांधी वाड्रा मंगलवार को भदोही पहुंची हुई थीं। यहां उन्होंने योगी सरकार के 2 साल पूरे होने पर पूर्वी यूपी के कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने जमकर निशाना साधा।

मीडिया से बात करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं रोज लोगों से मिल रही हूं रोज लोगों से यही पता चल रहा है चाहे किसान हो, नौ जवान हो, स्टूडेंट हो, शिक्षा मित्र हो, आगनवाणी या फिर आशा बहु हो सब प्रताड़ित हैं। सब प्रताड़ित हैं, उनको कुछ नहीं मिला है। कही-कही ऐलान हुआ है कि 18 हजार वेतन मिलेगा लेकिन अभी भी वो 7-8 हजार पर सालों से काम कर रहे हैं। वो जो प्रचार करते हैं और जो होता है उसमें बहुत फर्क है।

इस दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा ने बीजेपी के 70 साल वाले तर्क का जवाब देते हुए कहा कि अब वो बताए उन्होंने पांच साल तक सत्ता में रहते हुए क्या किया है।

उत्तर प्रदेश में बीजेपी सरकार के दो साल पूरा होने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा मुख्यालय पर प्रेस कांफ्रेंस की। उन्होंने सरकार के दो साल के कार्यकाल का हिसाब देते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों में राज्य में विकास का माहौल बना है। पहले प्रदेश की पहचान अपराध और अव्यवस्था से होती थी। सपा शासनकाल में हर साल दंगे होते थे पर भाजपा की सरकार में प्रदेश की कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि यूपी की पहचान एक बीमारू राज्य के रूप में होती थी, लेकिन पिछले दो साल में प्रदेश की छवि बदली है।

बता दें कि कांग्रेस महासचिव की कमान संभालने के बाद से प्रियंका गांधी बेहद सक्रिय दिखाई दे रही हैं। प्रियंका गांधी की गंगा यात्रा का आज दूसरा दिन है, आज प्रियंका गांधी मिर्जापुर में विंध्याचल मंदिर और उसके बाद मजार पर जाएंगी। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं से भी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी मुलाकात करेंगी। सोमवार को प्रियंका गांधी ने प्रयागराज से अपनी बोट यात्रा शुरू की थी।

Previous articleदो साल से जबरन यौन शोषण कर रहा था संपादक! 24 वर्षीय महिला पत्रकार ने कर दी हत्या
Next articleVIDEO: बीजेपी विधायक का विवादित बयान, बोले- मायावती रोज करवाती हैं फेशियल, जवान दिखने के लिए बालों पर करवाती हैं कलर