कांग्रेस महासचिव बनाए जाने के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा सोमवार(11 फरवरी) को पहली बार उत्तर प्रदेश पहुंच रही हैं। अपने दौरे की शुरुआत प्रियंका गांधी एक मेगा रोड शो के साथ करेंगी। इस रोड़ शो में प्रियंका के साथ ज्योतिरादित्य सिंधिया और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी मौजूद रहेंगे।

जानकारी के मुताबिक, यह रोड़ शो लगभग 15 किमी लंबा होगा जिसमें 4 घंटे से ज्यादा का समय लग सकता है। इस रोड शो को देखते हुए आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
वहीं, इस रोड शो से पहले प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर भी एंट्री कर ली है। उन्होंने @priyankagandhi नाम से अपना हैंडल बनाया है। प्रियंका गांधी वाड्रा का ट्विटर अकाउंट वेरिफाइड भी हो गया और उस पर ब्लू टिक भी आ गया। प्रियंका गांधी की ट्विटर पर एंट्री के साथ ही उनके फॉलोवर्स की संख्या बढ़ती ही जा रही है।
हालांकि, खबर लिखे जाने तक प्रियंका ने कोई ट्वीट नहीं किया है। लेकिन वह 7 लोगों को फॉलो कर रही हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा अपने अकाउंट्स से कांग्रेस, अहमद पटेल, रणदीप सिंह सुरजेवाला, सचिन पायलट, अशोक गहलोत, ज्योतिरादित्य सिंधिया और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को फॉलो कर रही हैं।