यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी की बेटी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी वाड्रा ने आधिकारिक तौर पर राजनीति में कदम रख दिया है। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बड़ा दांव चलते हुए बहन प्रियंका को ईस्ट (पूर्वी) उत्तर प्रदेश की कमान सौंपी है। प्रियंका को कांग्रेस पार्टी का महासचिव नियुक्त किया गया है।
प्रियंका गांधी को पूर्वी उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है, प्रियंका फरवरी के पहले सप्ताह में अपनी जिम्मेदारी को संभालेंगी। बुधवार दोपहर को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रियंका गांधी की नियुक्ति की। माना जा रहा है कि राहुल गांधी ने यह फैसला इस साल होने वाले आम चुनाव और प्रियंका गांधी की लोकप्रियता को देखते हुए लिया है।
इस संबंध में पार्टी के महासचिव अशोक गहलोत की तरफ से प्रेस रिलीज जारी की गई है। जिसमें लिखा है, ‘कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रियंका गांधी वाड्रा को पूर्वी उत्तर प्रदेश की महासचिव के तौर पर नियुक्त किया है। वह फरवरी के पहले सप्ताह में पद संभालेंगी।’
आपको बता दें कि पिछले 2014 के लोकसभा चुनाव से ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मांग थी कि प्रियंका गांधी को पार्टी में अहम जिम्मेदारी दी जाए। जिसे अब राहुल गांधी ने पूरा कर दिया है। प्रियंका इससे पहले भी यूपी के रायबरेली और अमेठी में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के लिए प्रचार प्रसार करती रही हैं।