महाराष्ट्र के पंढरपुर-मंगलवेधा विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के विधायक भारत भालके (Bharat Bhalke) का शनिवार को पुणे के रूबी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। उन्हें कोरोना वायरस (कोविड-19) के बाद की समस्याओं के इलाज के लिए भर्ती कराया गया था।
भालके हाल ही में कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए पुणे के अस्पताल में भर्ती किया गया था। बताया जा रहा है कि, इलाज के दौरान ही उन्हें निमोनिया भी हुआ था और फिर उसके बाद उनकी हालत बिगड़ती चली गई। डॉक्टरों के काफी प्रयास के बाद भी उनकी तबियत में कोई सुधार नहीं हो रहा था।
महाराष्ट्र में कई बड़े नेताओं ने कोरोना महामारी को मात दी है, सबको उम्मीद थी कि वे भी कोरोना को हराकर वापस आ जाएंगे। NCP अध्यक्ष शरद पवार ने शुक्रवार को अस्पताल का दौरा किया था और भालके की स्थिति के संबंध में जानकारी ली थी। 60 वर्षीय भालके का निधन NCP के लिए झटके की तरह है।
भालके लगातार तीन बार पंढरपुर-मंगलवेधा विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए थे। उन्होंने 2019 में कांग्रेस छोड़ दी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए थे। मगर उन्हें टिकट नहीं मिला। फिर उन्होंने NCP के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की थी।