महारष्ट्र में नांदेड़-वाघला महानगर पालिका (एनडबल्यूसीएमसी) चुनाव में गुरुवार(12 अक्टूबर) को कांग्रेस ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए 81 में से 69 सीटों पर कब्जा कर लिया है। 81 में से 69 सीटें जीतने के बाद मुंबई की स्थानीय कांग्रेस कमिटी के दफ्तर के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। बता दें कि यह चुनाव बीजेपी, कांग्रेस और शिवसेना तीनों के लिए ही काफी अहम था। म्युनिसिपल कारपोरेशन की 81 सीटों पर 11 अक्टूबर (बुधवार) को हुए मतदान में करीब 60 फीसदी लोगों ने मतदान किया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शाम 5.00 बजे तक 81 में से कांग्रेस पार्टी को 69 सीटों पर, बीजेपी को 3, शिवसेना को 1 और निर्दलीय को 1 सीट पर जीत मिली है, बाकी सीटों पर मतगणना जारी है।
#NandedMunicipalElection: Celebration outside Mumbai Regional Congress Committee office. Congress has won 69 out of 81 seats so far. pic.twitter.com/UfE7DjLuvN
— ANI (@ANI) October 12, 2017
बता दें कि नांदेड़ महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण का गढ़ माना जाता है। नांदेड़ नगर निगम पर अपना कब्जा जमाने के लिए बीजेपी ने हरसंभव प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस, बीजेपी और शिवसेना के बीच खूब जुबानी जंग भी देखने को मिला था।
गौरतलब है कि साल 2012 में हुए चुनाव में भी कांग्रेस ने 81 सीटों में से 41 सीटें जीती थी, जबकि शिवसेना ने 12 सीटें जीतकर दूसरे नंबर पर थी। वहीं एआईएमआईएम ने 11 सीटों पर कब्जा किया था। जबकि बीजेपी को महज दो सीटें से संतोष करना पड़ा था।