राजनीति में एंट्री को लेकर लग रही अटकलों के बीच सस्पेंस पर विराम लगाते हुए दक्षिण भारत के सुपरस्टार और मशहूर तमिल अभिनेता रजनीकांत ने रविवार (31 दिसंबर) को अपने रुख की घोषणा कर दी है। जी हां, सुपरस्टार रजनीकांत ने रविवार को आधिकारिक तौर पर राजनीति में आने का ऐलान कर दिया है। सुपरस्टार ने अलग पार्टी बनाकर अगले विधानसभा चुनावों में तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के श्री राघवेंद्र कल्याण मंडपम में 67 साल के रजनीकांत ने अपने फैंस के बीच उन्होंने ऐलान किया कि वह राजनीति में एंट्री ले रहे हैं और 2021 में तमिलनाडु में होने वाले अगला विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। रजनीकांत ने कहा कि वो कायर नहीं हैं इसलिए पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि वो अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटेंगे।
राजनीति में आने की घोषणा करते हुए रजनीकांत ने कहा कि मैं नाम, पैसे या शोहरत के लिए राजनीति में नहीं आ रहा हूं। उन्होंने कहा कि मैं राजनीति में नया नहीं हूं। हालांकि, थोड़ा लेट जरूर हूं। मेरी एंट्री ही जीत के बराबर हैमैं राजनीति में आने से नहीं डरता, मैं मीडिया से डरता हूं।
रजनीकांत ने कहा कि लोकतंत्र अभी बुरी स्थिति में है। दूसरे राज्य हमारा मजाक बनाते हैं। मुझे ग्लानि होगी अगर मैं यह फैसला अभी नहीं लूंगा। उन्होंने कहा कि सच्चाई, काम और विकास हमारी पार्टी का मंत्र होगा। सुपरस्टार ने कहा कि मेरा राजनीति में आना तय है। मैं अब राजनीति में आ रहा हूं। यह आज की सबसे बड़ी जरूरत है।