देश की राजधानी दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद में तिगांव विधानसभा क्षेत्र के जसाना गांव में अज्ञात हमलावरों ने एक दंपती की उनके घर में गोली मार कर हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। घटना की जानकारी मिलने के बाद कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फरेंसिक एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।
समाचार एजेंसी पीटीआई (भाषा) की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि सुखबीर (27) और उसकी पत्नी मोनिका (26) के शव मंगलवार देर रात उनके घर से बरामद किए गए, उन शरीर पर गोलियों के निशान थे। जिले के जासना गांव में उनके घर के एक कमरे में रक्त रंजित शव पड़े थे। पुलिस ने बताया कि दंपती को गोली मारने से पहले उनके हाथ-पैर बांध दिए गए थे।
उन्होंने बताया कि हत्या की जानकारी तब हुई जब दूधवाला उनके घर दूध देने गया। आम तौर पर मोनिका दूध लेने आती थी। जब वह कुछ समय तक नहीं आई तो दूधवाला अंदर गया और दोनों शवों को देखा। बाद में पुलिस को इसकी सूचना दी गई। उन्होंने बताया कि जिस इलाके में यह घटना हुई वहां का सीसीटीवी फुटेज एकत्र किया गया है, चार संदिग्धों को उस इमारत से निकलते हुए देखा जा रहा है जहां ये दंपती रहते थे।
तिगांव पुलिस थाने के निरीक्षक जसवीर सिंह ने बताया, “घर से कुछ सामान गायब है। आलमारी खुली थी और चीजें बिखरी हुई थीं। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।