बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता अर्जुन कपूर और अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा पिछले कई दिनों से अपने रिलेशनशिप को लेकर चर्चा में बने हुए है। दोनों काफी समय से एक-दूसरे के साथ नजर आ रहे थे और सोशल मीडिया पर भी साथ में तस्वीरें शेयर कर रहे थे। लेकिन कुछ लोगों को उनका ये रिश्ता रास नहीं आता, इसी वजह से अर्जुन और मलाइका को अक्सर सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जाता है। लेकिन अब इस मामले पर एक अखबार को दिए इंटरव्यू में मलाइका ने अर्जुन कपूर के साथ रिलेशनशिप पर ट्रोल्स को जवाब दिया है।

हिंदुस्तान टाइम्स के साथ एक इंटरव्यू में मलाइका अरोड़ा ने लोगों के कमेंट्स पर जवाब दिया है। मलाइका ने कहा कि उन्हें और अर्जुन को लेकर लोग जिस तरह की पब्लिक स्क्रूटनी (उनके रिलेशन की जांच-परख) करते हैं, उससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। मूवी बिजनेस में इस तरह की चीजें आम बात है। मलाइका ने लोगों के नेगेटिव कमेंट्स पर कहा, “आप लोगों को नहीं रोक सकते, ये उनकी खुद की राय है।”
मलाइका ने कहा, “मुझे लगता है कि लोग हर चीज की जांच-परख करते हैं। सोचो, अगर आप इस बिजनेस में हैं, आपको इन सब चीजों की आदत हो जाएगी।”
बता दें कि मलाइका ने अर्जुन कपूर से अपने रिश्ते का खुलासा अर्जुन के जन्मदिन के दिन किया था। मलाइका ने इंस्टाग्राम पर तस्वीर साझा की थी जिसमें वह अर्जुन का हाथ पकड़े हुए थीं। तस्वीर को साझा करते हुए मलाइका ने लिखा था, ‘जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं अर्जुन कपूर। ढेरा सारा प्यार और हमेशा खुश रहो।’
सोशल मीडिया पर मलाइका हमेशा अपने लुक्स को लेकर छाई रहती हैं। कभी उनके जिम लुक्स कभी उनके ट्रेंडी गेटअप लड़कियों के बीच चर्चा में रहते हैं। फिलहाल, मलाइका अरोड़ा इन दिनों एक डांस रिऐलिटी शो जज कर रही हैं। वहीं, अर्जुन कपूर अपनी आने वाली फिल्म ‘पानीपत’ में व्यस्त हैं।