पंजाब के लुधियाना नगर निगम चुनावों के नतीजे मंगलवार (27 फरवरी) यानी आज आ गए हैं। वोटों की गिनती का काम समाप्त हो गया है। राज्य में सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस ने शुरुआत से ही भारी बढ़त बनाते हुए शानदार जीत दर्ज कर की है। कांग्रेस ने 95 में से 62 वॉर्ड्स पर बंपर जीत हासिल की है। कोई दूसरी पार्टी कांग्रेस के करीब भी नहीं टिक पाई।

वहीं अकाली और बीजेपी के हिस्से में 21 वार्ड्स आए हैं। नगर निगम चुनाव में सबसे ज्यादा खराब हालत आम आदमी पार्टी की रही। आप के हिस्से महज 1 वार्ड ही आया है। लुधियाना नगर निगम के मद्देनजर 95 वॉर्डों में 24 फरवरी को मतदान हुए थे। 95 सीटों पर कुल 494 उम्मीदवार मैदान में थे।
मुख्य मुकाबला सत्ताधारी कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल-बीजेपी गठबंधन के बीच था। वहीं, आम आदमी पार्टी भी लोक इंसाफ पार्टी के साथ गठबंधन कर अपना किस्मत आजमा रही थी। द टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, कांग्रेस 62 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है। इस आंकड़े के साथ ही लुधियाना म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन पर कांग्रेस काबिज हो गई है।
वहीं, शिरोमणि अकाली दल को 11, भारतीय जनता पार्टी को 10, लोक इंसाफ पार्टी को 7, आम आदमी पार्टी को 1 और निर्दलीयों को 4 वार्ड से ही संतोष करना पड़ा है। चुनाव में मुख्य मुकाबला कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल-भारतीय जनता पार्टी गठबंधन और आम आदमी पार्टी-लोक इंसाफ पार्टी के गठबंधन के बीच था।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, इस चुनाव में करीब 60 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार कि इस्तेमाल किया था। सबसे अधिक मतदान वार्ड नंबर 5 में 73.17 जबकि सबसे कम मतदान 47.73 वार्ड नंबर 30 में दर्ज किया गया। लुधियाना नगर निगम के तहत करीब 10 लाख 50 हजार मतदाता रजिस्टर्ड हैं। इनमें 5 लाख 67 हजार पुरुष, 4 लाख 28 हजार महिलाएं और 23 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।