झारखंड की भाजपा सरकार के मंत्री सी.पी. सिंह विवाद में फंसते नजर आ रहे हैं। दरअसल, झारखंड विधानसभा के बाहर पत्रकारों से बातचीत के दौरान सीपी सिंह कांग्रेस के विधायक इरफान अंसारी से जबरन ‘जय श्रीराम’ कहने के लिए दबाव बनाते दिखे। उन्होंने यहां तक कह डाला कि अंसारी के पूर्वज भी जय श्री राम कहने वाले ही थे। इस पर अंसारी ने पलटवार करते हुए कहा कि राम का नाम बदनाम मत करिए। इस पूरे वाक्य का वीडियो कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
राज्य के शहरी विकास मंत्री सीपी सिंह और कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी विधानसभा के बाहर कैमरामैन से घिरे हुए थे। सिंह अंसारी के कंधे पर अपना हाथ रखे हुए थे और भगवान की प्रशंसा करते हुए उनसे नारा लगाने के लिए कह रहे थे। सीपी सिंह ने कांग्रेस विधायक के लिए यह भी कहा कि वह ‘राम वाला’ हैं न कि ‘बाबर या तैमूर लंग’ के वंशज। हालांकि इरफान अंसारी ने मामले को ज्यादा तूल नहीं दिया, लेकिन सीपी सिंह यहीं नहीं रुके।
सीपी सिंह ने अंसारी से कहा, ‘एक बार जोर से जय श्री राम बोलिए।’ इसके बाद यह प्रकरण जल्द ही गर्मागर्म बहस में तब्दील हो गई जब मंत्री ने कहा, ‘आप भी राम के वंशज हैं। बाबर, तैमूर लंग, गजनी, गोरी आपके पूर्वज नहीं थे।’ इस पर युवा विधायक ने पलटवार करते हुए कहा, ‘राम का नाम बदनाम मत करिए। राम सबके हैं।’ अंसारी ने आगे कहा, ‘लोगों को नौकरियां चाहिए, सड़क और बिजली चाहिए। वे चाहते हैं कि नालों की सफाई हो। अयोध्या जाइए और वहां राम की स्थिति देखिए।’
बता दें कि झारखंड में ही पिछले दिनों तबरेज़ अंसारी नाम के शख़्स की बाइक चोरी के आरोप में ग्रामीणों ने पिटाई की थी और ‘जय श्री राम’ कहने के लिए दवाब डाला था। पिटाई की वजह से तबरेज़ अंसारी की मौत हो गई थी। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पूरे देश में काफ़ी बवाल मचा था। (इंपुट: भाषा के साथ)