आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले में शुक्रवार (24 अगस्त) शाम भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राज्यसभा सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता जी वी एल नरसिम्हा राव की कार से टक्कर लगने के कारण एक महिला की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक हादसे में घायल एक अन्य महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी स्थिति स्थिर बताई गई है। उन्होंने बताया कि कार में सवार लोग सुरक्षित हैं।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई और दूसरी महिला को भी काफी गंभी चोटें आईं हैं। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के मुताबिक, जब यह हादसा हुआ तो कार में बीजेपी सांसद भी मौजूद थे। पुलिस ने उनकी कार को जब्त कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि नरसिम्हा राव प्रकाशम जिले से विजयवाड़ा की ओर जा रहे थे। उसी दौरान कोलानुकोंडा गांव में दो महिलाओं ने अचानक राष्ट्रीय राजमार्ग पार करने की कोशिश की और इसी दौरान यह अचानक हादसा हो गया। पुलिस ने बताया कि एक महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला घायल हो गई।
घटना गुंटूर जिले के ताडेपल्ली पुलिस स्टेशन के तहत आने वाले क्षेत्र में हुई। हादसे की शिकार दोनों महिलाएं मंगलागिरी की रहने वाली बताई जा रही हैं। पुलिस ने बताया कि महिलाएं एक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रही थीं। फिलहाल घायल महिला का विजयवाड़ा स्थित सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
नरसिम्हा राव ने खुद ट्वीट करके बताया, ‘हादसे के वक्त मैं कार की पिछली सीट पर सो रहा था। बाद में मैं 45 मिनट तक घटनास्थल पर ही रुका, जबतक कि पुलिस नहीं आ गई। घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया और मृतक महिला को भी दूसरी गाड़ी से ले जाया गया। मैं दोनों के परिवारों से मिलने जाऊंगा और उनकी हर तरीके से मदद करने की कोशिश करूंगा।’
I was sleeping on a back seat when the incident happened. I was at the spot for 45 minutes until police came, injured woman was taken to hospital & a vehicle arrived to take the deceased lady to hospital. I will visit their families to express heartfelt condolences & all support. https://t.co/RMPNQiR1MU
— GVL Narasimha Rao (@GVLNRAO) August 24, 2018