बिहार के मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड का मामला अभी ठंडा ही नहीं हुआ कि अब राजधानी पटना शहर के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र स्थित एक बालिका गृह से रविवार (11 नवंबर) सुबह चार लड़कियां फरार हो गईं है। ये चारों लड़कियां पटना के आशा किरण शेल्टर होम से लापता हुई हैं। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

पाटलिपुत्र थाना अध्यक्ष तारकेश्वर नाथ तिवारी ने समाचार एजेंसी भाषा को बताया कि पाटलिपुत्र कालोनी स्थित आशा किरण होम फॉर गर्ल्स नामक बालिका गृह से प्रात: करीब दो बजे चार लड़कियां फरार हो गईं। उन्होंने बताया कि ये लड़कियां कई दुपट्टों को बांधकर उसके सहारे दूसरे तल से उतरकर फरार हुईं।
A case has been registered and we are going to recover the four missing women soon: Manu Maharaj, SSP Patna #Bihar pic.twitter.com/PolUjUqz1I
— ANI (@ANI) November 11, 2018
तिवारी ने बताया कि फरार हुई लड़कियों में से तीन की उम्र करीब 16 साल जबकि चौथी लड़की की आयु करीब 12 वर्ष है। इन लड़कियों को पिछले महीने ही उक्त बालिका गृह में लाया गया था। तिवारी ने बताया कि पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू करने के साथ फरार हुई लड़कियों की तलाश के प्रयास तेज कर दिए हैं।
आपको बता दें कि अभी बिहार के बहुचर्चित मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड चर्चा का विषय बना हुआ है। जहां के आश्रय गृह में कई लड़कियों से कथित तौर पर बलात्कार हुआ था। टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (टीआईएसएस) द्वारा राज्य के समाज कल्याण विभाग को सौंपी गई एक ऑडिट रिपोर्ट में यह मामला सबसे पहले प्रकाश में आया था। इस मामले में जांच से संबंधित विस्तृत सूचनाओं को सुप्रीम कोर्ट ने ‘‘भयावह’’ और ‘‘डरावना’’ बताया था।
मुजफ्फरपुर आश्रय गृह में यौन उत्पीड़न मामले के मद्देनजर बिहार सरकार में समाज कल्याण मंत्री रहीं वर्मा को इस्तीफा देना पड़ा था। चिकित्सकीय जांच में आश्रय गृह की 42 में से 34 पीड़िताओं के यौन उत्पीड़न की पुष्टि हुई। टीआईएसएस की ऑडिट रिपोर्ट में कहा गया कि आश्रय गृह की कई लड़कियों ने यौन उत्पीड़न की शिकायत की थी। ठाकुर समेत 11 लोगों के खिलाफ 31 मई को प्राथमिकी दर्ज की गई। बाद में इसकी जांच सीबीआई को सौंप दी गई थी।