DU छात्र संघ चुनाव: ABVP को बड़ा झटका, NSUI ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर किया कब्जा

0

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव में आरएसएस समर्थित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) को बड़ा झटका लगा है। बुधवार(13 सितंबर) को आए चुनाव परिणाम में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई ने जोरदार वापसी करते हुए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर कब्जा कर लिया है। एनएसयूआई के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रॉकी तुषीद ने जीत दर्ज की है।

रॉकी तुषीद ने ABVP के रजत चौधरी को हराया है। इसके अलावा NSUI ने उपाध्यक्ष पद पर भी कब्जा कर लिया है। वहीं ABVP सेक्रेटरी और जॉइंट सेक्रेटरी की सीट बचाने में कामयाब रही। बता दें कि NSUI ने चार साल से अध्यक्ष परद पर काबिज ABVP से यह सीट छीनते हुए जबरदस्त वापसी की है।

पिछले साल हुए डूसू के चुनाव में एबीवीपी ने अध्यक्ष समेत तीन पदों पर कब्जा किया था। जबकि एनएसयूआई ने जॉइंट सेक्रेटरी का पद जीता था। लेकिन इस बार NSUI के रॉकी तूषीद ने अध्यक्ष पद जीतकर ABVP के चार साल के दबदबे को खत्म कर दिया। बुधवार(13 सितंबर) को कड़ी सुरक्षा के बीच किंग्सवे कैंप के पास एक सामुदायिक सभागार में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनावों (DUSU) के मतों की गिनती हुई।

DUSU अध्यक्ष पद के लिए मुख्य उम्मीदवारों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के रजत चौधरी, NSUI के रॉकी तूषीद, AISA की पारल चौहान, निर्दलीय उम्मीदवार राजा चौधरी और अल्का शामिल थे। बता दें कि मंगलवार को हुए इस चुनाव में कुल 43 फीसदी मतदान हुआ। जबकि पिछले वर्ष डूसू चुनाव में 36.9 फीसदी मतदान हुआ था।

इससे पहले शनिवार देर रात जवाहरलाल नेहरू यूनिवसिर्टी (JNU) छात्रसंघ चुनाव में भी लेफ्ट ने ही अपना परचम लहराया था। जेएनयूएसयू के केन्द्रीय पैनल के लिए हुए चुनाव में यूनाइटेड लेफ्ट (आईसा, एसएफआई और डीएसएफ) ने बाजी मारते हुए सभी चारों सीटों पर कब्जा कर लिया था। वाम प्रत्याशियों ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) समर्थित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद(ABVP) के अधिकतर उम्मीदवारों को बड़े अंतर से मात दी थी।

 

 

 

 

 

 

 

 

Previous articleदिलीप कुमार ने जीता 11 साल पुराना प्रॉपर्टी केस, बगले की चाबी मिलते ही सायरा बानो ने फैंस से कही यह बात
Next articleजज साहिबा को आया गुस्सा तो पुलिसकर्मी की ही कर दी पिटाई, वीडियो हुआ वायरल