क्या राहुल गांधी की फिर होगी ताजपोशी? कांग्रेस में तेज हुई पार्टी अध्यक्ष बनाने की मांग

0

कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में मंगलवार को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा राहुल गांधी को फिर से पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपने की पैरवी करने के बाद पार्टी के भीतर एक बार फिर यह मांग जोर पकड़ने लगी है।

राहुल गांधी

कांग्रेस के पूर्व सांसद हुसैन दलवई और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सीवी चंद रेड्डी ने बुधवार (24 जून) को पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से आग्रह किया कि राहुल गांधी को अध्यक्ष की जिम्मेदारी जल्द सौंपी जाए। महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दलवई ने कहा कि मौजूदा समय में राहुल गांधी के अलावा कोई दूसरा नेता नहीं है जो देश को प्रभावित करने वाले मुद्दों को इतने जोरदार ढंग से उठा रहा हो। उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा, ‘‘यह सिर्फ मेरी भावना नहीं है, बल्कि युवाओं और सभी कार्यकर्ताओं की भावना है कि राहुल जी को फिर से पार्टी की कमान संभालनी चाहिए।’’

रेड्डी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे पत्र में गहलोत की मांग का समर्थन किया और कहा कि अब राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जानी चाहिए क्योंकि इस वक्त देश के सामने खड़ी चुनौतियों के मद्देनजर जनता को उनके नेतृत्व की सख्त जरूरत है। इससे पहले, सोमवार को सीडब्ल्यूसी की बैठक में गहलोत ने मांग की थी कि राहुल गांधी को फिर से अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए। उनकी इस मांग का कांग्रेस के कई नेताओं ने समर्थन किया।

गौरतलब है कि, पिछले साल लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद राहुल गांधी ने लाख मनाने के बाद भी इस पद से इस्तीफा दे दिया था। अपने त्यागपत्र को सार्वजनिक करते हुए उन्होंने कहा था कि वह हार की जिम्मेदारी ले रहे हैं। उन्होंने कहा था, ”कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर 2019 के चुनाव की हार की जिम्मेदारी मेरी है। हमारी पार्टी के भविष्य के विकास के लिए जवाबदेही होना महत्वपूर्ण है। इसी कारण से मैंने कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया है।”

राहुल गांधी के इस्तीफा देने के बाद काफी समय तक कांग्रेस पार्टी में अध्यक्ष का पद खाली था और बाद में सोनिया गांधी को पार्टी का अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किया गया। लेकिन अब सोनिया गांधी की बढ़ती उम्र और सेहत को देखते हुए एक बार फिर से इस बात की चर्चा है कि क्या राहुल गांधी फिर से एक बार कमान संभालेंगे? (इंपुट: भाषा के साथ)

Previous article“पुत्र के चक्कर में 5 पुत्री पैदा हो गई”: अपने इस ट्वीट कर ट्रोल हुए कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी, संबित पात्रा ने राष्ट्रीय महिला आयोग में की शिकायत
Next articleसूरत: निर्मला सीतारमण के हस्तक्षेप के बाद महिला बैंक कर्मचारी पर हमला करने वाला पुलिसकर्मी गिरफ्तार