राजस्थान: दशहरे पर तनाव के बाद मालपुरा कस्बे में कर्फ्यू, इंटरनेट बंद, आज सुबह हुआ रावण दहन

0

राजस्थान में टोंक जिले के मालपुरा कस्बे में मंगलवार (8 अक्टूबर) को रावण दहन के समय निकाली गई राम बारात पर पथराव से हुए सांप्रदायिक तनाव फैलने के बाद बुधवार को सुबह कर्फ्यू लगा दिया गया। कस्बे के दशहरा जुलूस में कुछ शरारती तत्वों ने पथराव किया जिसके बाद दो वर्गों में तनाव पैदा हो गया। इससे हंगामा हुआ और रावण का पुतला नहीं जलाया जा सका।

राजस्थान
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस (फोटो: आज तक)

पुलिस ने बताया कि हिंदू समुदाय के सदस्यों ने पथराव में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना दिया। टोंक के पुलिस अधीक्षक आदर्श सिद्धू ने कहा, “आज सुबह मालपुरा कस्बे में कर्फ्यू लगा दिया गया। एक समुदाय विशेष द्वारा रावण दहन के विरोध की आशंका को देखते हुए दशहरा मैदान पर बडी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

उनके अनुसार, पथराव के सिलसिले में एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है और अन्य लोगों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कर्फ्यू लगाए जाने से पहले अल सुबह पुतलों का दहन पालिका कर्मियों ने किया।

मालपुरा में कल रावण दहन के समय राम बारात पर एक समुदाय के लोगों ने पथराव कर दिया था। प्रदर्शकारी रावण का पुतला भी नहीं जलाने दे रहे थे। दोनों पक्षों में गरमा गरमी के बाद पथराव हो गया। पुलिस ने प्रदर्शकारियों को खदेडा। इसके बाद बडी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। बाद में प्रशासन ने सुबह चार बजे रावण का पुतला जलाया।

ख़बरों के मुताबिक, कुछ लोगों ने पुराने दंगो के फोटो वाट्सअप पर शेयर करने के बाद तनाव बनाने का प्रयास किया। (इंपुट: भाषा के साथ)

Previous articleज़ी ग्रुप में वित्तीय संकट के बीच DNA अखबार हुआ बंद, पढ़ें ये नोटिस
Next articleNamak Halaal scene recreated on KBC as Amitabh Bachchan forced to stop quiz show after facing attack from fly