लोकसभा चुनाव: कर्नाटक में कांग्रेस-जेडीएस के बीच हुआ सीटों पर समझौता, पार्टी ने उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में जारी की दूसरी लिस्ट

0

कांग्रेस पार्टी ने बुधवार (14 मार्च) को 21 लोकसभा प्रत्याशियों की अपनी दूसरी सूची जारी कर दी। इसमें उत्तर प्रदेश  के 16 और महाराष्ट्र के पांच नाम शामिल हैं। बता दें कि यूपी के 11 प्रत्याशी पहले ही घोषित हो चुके हैं। इसके अलावा कर्नाटक में कांग्रेस 20 और जेडीएस आठ सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ेगी। दरअसल, राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन ने आगामी आमचुनाव के लिए अपने सीट बंटवारे को बुधवार को अंतिम रूप दे दिया। जेडीएस ने यह जानकारी दी।

File Photo: @INCIndia

 

पार्टी (जेडीएस) सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और जेडीएस महासचिव दानिश अली के बीच केरल के कोच्चि में बुधवार शाम हुई बैठक में इस पर मुहर लगाई गई। सूत्रों के मुताबिक जेडीएस उत्तर कन्नड, चिक्कमंगलूर, शिवमोगा, तुमकुर, हासन, मांडया, बेंगलुरु उत्तर और विजयपुर सीट से अपने उम्मीदवार उतारेगी।

 

गौरतलब है कि राहुल और जेडीएस प्रमुख एचडी देवगौड़ा के बीच हाल ही में हुई एक बैठक में देवगौड़ा ने अपनी मांग में कटौती करते हुए कांग्रेस से उनकी पार्टी को 28 में से कम से कम 10 सीटें देने को कहा था। इससे पहले, जेडीएस ने 12 सीटें देने की मांग की थी।

कांग्रेस ने यूपी और महाराष्ट्र के लिए 21 उम्मीदवार घोषित किए

कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के लिए बुधवार को 21 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की जिनमें सुशील कुमार शिंदे, श्रीप्रकाश जायसवाल, राज बब्बर, प्रिया दत्त और संजय सिंह सरीखे बड़े नाम शामिल हैं। पार्टी ने उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची में उत्तर प्रदेश की 16 और महाराष्ट्र की पांच सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए हैं। राजनीतिक रूप से सबसे महत्वपूर्ण उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने कुछ दिनों पहले ही 11 उम्मीदवार घोषित किए थे। इस तरह कांग्रेस उत्तर प्रदेश में कुल 27 उम्मीदवार घोषित कर चुकी है।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राज बब्बर मुरादाबाद से उम्मीदवार होंगे। पिछली बार वह गाजियाबाद से लड़े थे जहां उन्हें भाजपा उम्मीदवार वीके सिंह के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल कानपुर से चुनाव लड़ेंगे जो उनकी पारंपरिक सीट मानी जाती है। हालांकि 2014 के चुनाव में वह बीजेपी के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी से हार गए थे।

गांधी परिवार के करीबी माने जाने वाले संजय सिंह को कांग्रेस ने सुल्तानपुर से उम्मीदवार बनाया है। फिलहाल वह राज्यसभा सदस्य हैं। हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुईं सांसद सावित्री बाई फुले को उनकी सीट बहराइच से ही कांग्रेस ने टिकट दिया है। उन्होंने कुछ महीने बीजेपी छोड़ी थी। उत्तर प्रदेश में खीरी से जफर अली नकवी, नगीना से ओमवती देवी जाटव, सीतापुर से कैसर जहां, मिसरिख से मंजरी राही, मोहनलालगंज से रमाशंकर भार्गव, प्रतापगढ़ से रत्ना सिंह, फतेहपुर से राकेश सचान, संत कबीर नगर से परवेज खान, बांसगांव से कुश सौरभ, लालगंज से पंकज मोहन सोनकर, मिर्जापुर से ललितेश पति त्रिपाठी और रॉबर्ट्सगंज से भगवती प्रसाद चौधरी को टिकट दिया गया है।

कांग्रेस ने महाराष्ट्र के सोलापुर संसदीय क्षेत्र से पूर्व गृह मंत्री सुशील कुमार शिंद चुनाव लड़ेंगे। इसके साथ ही अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले को नागपुर से उम्मीदवार बनाया गया है। नागपुर से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी वर्तमान सांसद हैं। मशहूर फिल्म अभिनेता सुनील दत्त की पुत्री एवं पूर्व सांसद प्रिया दत्त को मुंबई उत्तर-मध्य से टिकट दिया गया है।

दअरसल, प्रिया दत्त ने पहले चुनाव लड़ने से मना किया था, लेकिन हाल ही में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के कहने पर वह चुनावी समर में फिर से उतरने के लिए तैयार हुईं। पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा को मुंबई दक्षिण से चुनाव लड़ेंगे तो गढ़चिरौली- चिमूर से नामदेव दल्लूजी उसेंदी को उम्मीदवार बनाया गया है।

Previous articleभारत को झटका: चीन ने जैश सरगना मसूद अजहर को चौथी बार बचाया, एक बार फिर नहीं घोषित होने दिया ग्लोबल आतंकी
Next articleअमित शाह के इशारे पर दिल्ली पुलिस AAP के कॉल सेंटर चलाने वाले लोगों को परेशान कर रहीं है: संजय सिंह