राजस्थान के 12 जिलों में सभी 50 निकायों के चुनाव परिणाम आ चुके हैं। जिनमें कांग्रेस ने एकतरफा क्लीन स्वीप किया है जबकि भाजपा को बुरी तरह से हार का सामना करना पड़ा है। 12 जिलों में 50 निकायों में अध्यक्ष पद के रविवार को घोषित चुनाव परिणामों में 36 निकायों में कांग्रेस उम्मीदवार और 12 निकायों में भाजपा उम्मीदवारों को अध्यक्ष पद के लिए विजयी घोषित किया गया। जबकि, 2 निर्दलीय उम्मीदवारों ने अध्यक्ष पद के चुनाव में जीत दर्ज की है।
राज्य निर्वाचन विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि 5 उम्मीदवारों को निर्विरोध चुना गया और 2 निर्दलीय उम्मीदवारों ने अध्यक्ष पद का चुनाव जीता। उन्होंने बताया कि राज्य के 12 जिलों के 50 निकायों के अध्यक्ष पद के लिए रविवार को 10 बजे से 2 बजे तक चुनाव करवाए गए, जिसमें अध्यक्ष पद के लिए 101 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। उपाध्यक्ष पद के लिए सोमवार को मतदान होगा।
इन 50 निकाय सीटों में 7 नगर परिषद और 43 नगरपालिका की सीटें हैं। नगर परिषद की 7 सीटों में से 5 सीटें कांग्रेस ने जीती हैं जबकि भाजपा केवल 1 सीट ही जीत पाई है जबकि 1 सीट निर्दलीय उम्मीदवार के हिस्स्से आई है। जिन 50 सीटों के परिणाम अभी तक आए हैं उनमें 28 पर पुरुष उम्मीदवार और 22 पर महिला उम्मीदवार जीती हैं। नगर निकाय के चुनावों को राजस्थान विधानसभा की परीक्षा के रूप में देखा जा रहा है। जिसमें कि कांग्रेस को इकतरफा जीत मिली है।
गौरतलब है कि, प्रदेश के 12 जिलों की 50 नगर निकायों (43 नगर पालिका और 7 नगर परिषद) में अध्यक्ष चुने जा रहे हैं। जिसके लिए 2622 मतदान केंद्रों पर कुल 14 लाख 32 हजार 233 मतदाता ने मतदान किया था।