उत्तर प्रदेश की नवनिर्वाचित योगी सरकार ने बड़ा ऐलान करते हुए राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में योग को अनिवार्य बना दिया है। सरकार के मुताबिक, योग शारीरिक शिक्षा का एक अंग रहेगा। बता दें कि शारीरिक शिक्षा राज्य के सभी स्कूलों में अनिवार्य है। यानी अब योग की शिक्षा भी पाठ्यक्रम का एक अहम हिस्सा होगा।
राज्य के उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री दिनेश शर्मा ने शुक्रवार(7 मार्च) को कहा कि यूपी के स्कूलों में पहले से दी जा रही शारीरिक शिक्षा में योग शिक्षा भी शामिल होगी। गौरतलब है कि शारीरिक शिक्षा यूपी के सभी सरकारी स्कूलों में अनिवार्य है। लिहाजा अब बच्चों को योग का भी पाठ अनिवार्य तौर पर पढ़ना पड़ेगा।
UP ke schools mein pehle se di ja rahi sharirik shiksha ( physical education) mein Yog shiksha bhi hogi shamil: Dinesh Sharma,UP Minister pic.twitter.com/wZY6givDZj
— ANI UP (@ANINewsUP) April 7, 2017
साथ ही एक अन्य अहम फैसले लेते हुए योगी सरकार ने राज्य के सरकारी स्कूलों में नर्सरी से ही अंग्रेजी शिक्षा को अनिवार्य कर दिया है। बता दें कि अभी तक इन स्कूलों में छठी क्लास से अंग्रेजी को विषय के रूप में पढ़ाया जाता था।
वहीं, एक अंग्रेजी अखबार को दिए इंटरव्यू में सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी कहा था कि शिक्षा व्यवस्था में संस्कृति और आधुनिकता का मेल होना चाहिए। बता दें कि कल(6 मार्च) देर सीएम योगी ने कैबिनेट की बैठक बुलाई थी। इस बैठक में कई अहम फैसले लिए गए।