बॉलीवुड अभिनेत्री सनी लियोनी की फिल्म ‘रागिनी एमएमएस 2’ में ‘बेबी डॉल’ का गाना गाकर बॉलीवुड इंडस्ट्री में पहचान बनाने वाली गायिका कनिका कपूर इस दिनों मुश्किल में घिरती नज़र आ रहीं है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, गायिका कनिका कपूर, उनके मैनेजर और एजेंट के खिलाफ उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एफआईआर दर्ज की गई है। यह एफआईआर नोएडा की एक इवेंट मैनेजमेंट फर्म की शिकायत के बाद दर्ज हुई है। कनिका कपूर पर आरोप है कि जिला प्रशासन से पूरा पेमेंट लेने के बावजूद वह परफॉर्मेंस के लिए नहीं आई थीं और प्रशासन के नोटिस के बावजूद उन्होंने पेमेंट वापस नहीं किया।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, बन्नादेवी थाने के एसएचओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि कनिका कपूर उनकी मैनेजर श्रुति और मुंबई की इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के मैनेजर संतोष मिजगर के खिलाफ 420 (धोखाधड़ी), 406 (विश्वास का आपराधिक उल्लंघन) और 507 (आपराधिक धमकी) की धाराओं के तहत शिकायत दर्ज की गई है।
वहीं, शिकायतकर्ता के मुताबिक मैनेजर मनोज शर्मा ने बताया कि उन्होंने अलीगढ़ में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किए गए कार्यक्रम के आयोजन की जिम्मेदारी ली थी। इस कार्यक्रम में कनिका कपूर को परफॉर्म करना था। उनके कार्यक्रम के लिए 22 जनवरी का दिन निर्धारित था।
परफॉर्मेंस के लिए कनिका कपूर को 24.95 लाख रुपये का पेमेंट दिया गया। हालांकि, अंतिम क्षणों में कनिका कपूर ने कार्यक्रम में परफॉर्म करने से इनकार कर दिया। उनकी वजह से कार्यक्रम असफल रहा और उन्होंने रुपये भी वापस नहीं किए।
रिपोर्ट के मुताबिक, साथ ही उन्होंने कहा कि वह गायक के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे क्योंकि गायिका द्वारा कार्यक्रम कैंसिल किये जाने से उनकी और उनकी फर्म की छवि खराब हो गई है।
बता दें कि, सिंगर कनिका कपूर ने अभिनेत्री सनी लियोनी की फिल्म ‘रागिनी एमएमएस 2’ में ‘बेबी डॉल’ गाना गाया था। इस फिल्म का यह गाना काफी मशहूर हुआ था, यह फिल्म वर्ष 2014 में रिलीज हुई थी। इसी गाने से कनिका कपूर की बॉलीवुड इंडस्ट्री में पहचान बन गई थी। गायिका कनिका कपूर ने बॉलीवुड में कई गाने गाए है।