अपने बयानो को लेकर मीडिया की सुर्ख़ियों में रहने वाली भाजपा समर्थक बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ बिहार की एक कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई गई है। बताया जा रहा है कि, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को लेकर अभिनेत्री ने ट्विटर पर कमेंट किया था। उनकी इस टिप्पणी को लेकर आरएलएसपी नेता विनय कुशवाहा की ओर से गया सिविल कोर्ट में परिवाद दायर किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आरएलएसपी नेता विनय कुशवाहा ने आरोप लगाया कि कंगना रनौत ने अपने ट्विटर अकाउंट के जरिए आरएलएसपी मुखिया के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसी को लेकर उन्होंने शिकायत दर्ज कराई। विनय कुशवाहा ने कहा कि आरएलएसपी अध्यक्ष राष्ट्रीय स्तर के नेता हैं। अभिनेत्री ने अपने कमेंट से उनके सम्मान को ठेस पहुंचाने की कोशिश की। ऐसी टिप्पणी चिंता का विषय है।
समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, इस पूरे मामले में वकील शंभू प्रसाद ने कहा कि किसी भी नेता के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करना अपराध है। इसलिए, हमने अदालत से हमारी शिकायत पर संज्ञान लेने के लिए कहा है।
Bihar: Complaint filed against actor Kangana Ranaut in Gaya Civil Court for her alleged remarks on RLSP leader Upendra Kushwaha
"It's a crime to make derogatory comments against any leader. So, we've asked court to take cognizance of our complaint," says Shambhu Prasad, Lawyer pic.twitter.com/yAbGHkYQX5
— ANI (@ANI) December 18, 2020
बता दें कि, अभिनेत्री कंगना रनौत ट्विटर पर बेहद सक्रिय रहती हैं। अक्सर वो अलग-अलग मुद्दों पर किए गए अपने विवादित ट्वीट को लेकर चर्चा में बनी रहती हैं। हाल के समय में कंगना रनौत ने किसान आंदोलन के विरोध में काफी ट्वीट किए थे। इस दौरान उन्होंने आंदोलन में शामिल बुजुर्ग महिला के बारे में भी आपत्तिजनक टिप्पणी की थीं। इसके बाद कंगना रनौत की सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हुई थी।